By Rajiv Pal sharma Edited By: Mohammad Sameer
Published: Sun, 03 Dec 2023 05:01 AM (IST)
चुग ने कहा कि सिखों के लिए जो काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया है वह आज तक किसी भी सरकार ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, लुधियाना। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी पंजाब में किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। भाजपा प्रदेश के स्थानीय निकाय और लोकसभा चुनाव सहित सभी चुनाव अपने बल पर लड़ेगी और भारी जीत हासिल करेगी।
उन्होंने शहर के पार्टी कार्यकर्ता से कहा कि वे अपनी गली, मोहल्ले और आसपड़ोस के लोगों की सेवा करें, उनका दुख-सुख में साथ दें। यदि पंजाब सरकार या प्रशासन नहीं सुनता है तो धरना देने से गुरेज न करें।
चुग ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं को पंजाब में लागू नहीं कर रही है। यही नहीं जो लागू भी कर रही है, उन योजनाओं का नाम बदलकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में बताएं, ताकि उन्हें लाभ मिल सके।
पंजाब में हालात बदतर हो गए हैं, उद्यमी दूसरे राज्यों का रुख कर रहे हैं, क्योंकि भगवंत मान सरकार उन्हें बुनियादी सुविधाएं मुहैया नहीं करा रही है। पंजाब में लोगों और व्यापारियों से रंगदारी मांगी जा रही है, लोगों को डराया जा रहा है। अपराधियों में पुलिस-प्रशासन का डर समाप्त हो गया है। इससे प्रदेश के लोग डरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पंजाबियों और उनकी अपनी सरकार के प्रति सहानुभूति रखती है।
सिखों के लिए जो काम प्रधानमंत्री मोदी ने किया, वह किसी भी सरकार ने नहीं किया
चुग ने कहा कि पंजाब और सिखों के लिए जो काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है, वह आज तक किसी भी सरकार ने नहीं किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब भाजपा का साथ देगी और नगर निगम चुनाव के बाद लुधियाना समेत पांचों नगर निगमों में भाजपा के मेयर होंगे।
इस मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान, जिला उपाध्यक्ष सुनील मोदगिल, सुमन वर्मा, हर्ष शर्मा, पूर्व पार्षद हरीश टंडन, इंद्र अग्रवाल, सरबजीत सिंह काका, जिला सचिव नवल जैन, संजय गोसाई, विजय दादु आदि मौजूद थे।
यह भी पढ़ेंः Paris Stab Death: पेरिस में एफिल टॉवर के पास राहगीरों पर चाकू से हमला, एक की मौत; एक अन्य घायल