विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 08, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Ludhiana Crime: भाजपा नेता के होटल में पुलिस की रेड, मुंबई-दिल्ली की युवतियों के साथ कई कारोबारी गिरफ्तार

By Jagran NewsEdited By: Deepika
Published: Sat, 08 Oct 2022 02:09 PM (IST)Updated: Sat, 08 Oct 2022 08:01 PM (IST)

लुधियाना में एक होटल में पुलिस की रेड से हड़कंप मच गया। इस दौरान दिल्ली व मुंबई की लड़कियों के ...और पढ़ें

लुधियाना के नामी होटल में पुलिस की रेड। (सांकेतिक तस्वीर)
लुधियाना के नामी होटल में पुलिस की रेड। (सांकेतिक तस्वीर)

अशवनी पाहवा, लुधियाना। ब्राउन रोड पर स्थित होटल पुखराज में चल रही बैचलर पार्टी पर पुलिस ने छापा मारा है। शहर के कई व्यापारी वहां पर शराब के नशे में गानों पर युवतियों के साथ डांस और अश्लील हरकतें कर रहे थे। पुलिस ने पार्टी से 7 लड़कियों में से एक युवती थाणे मुंबई और एक हरियाणा की रहने वाली है, वहीं 5 लड़कियां दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से हैं। सभी की उम्र 25 से 30 साल बताई जा रही है, वही सभी कारोबारी 40 से अधिक आयु के बताए जा रहे हैं। उक्त होटल बीजेपी के नेता का है, जिसके खिलाफ भी आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।

मुंबई और दिल्ली से आई युवतियों से डांस करवाया

थाना डिविजन नंबर 2 प्रभारी अर्शप्रीत कौर गरेवाल ने बताया कि देर पुलिस की तरफ से नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि ब्राउन रोड के एक होटल के हाल में पार्टी की जा रही है। यहां पर मुंबई और दिल्ली से आई युवतियों से डांस करवाया जा रहा है और वहां पर लोग शराब के नशे में उनके साथ डांस करते हुए अश्लील हरकतें भी कर रहे हैं। पुलिस ने देर रात करीबन दो बजे वहां छापामारी की तो वहां का माहौल देख पुलिस पार्टी भी हैरान रह गई। वहां पर अर्धनग्न युवतियां अश्लील डांस कर रही थीं और कारोबारी उन पर पैसे लुटा रहे थे।

होटल के मैनेजर समेत 25 लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला

पुलिस ने पहले होटल के मैनेजर समेत 25 लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया था। मगर देर शाम होटल के तीन पार्टनरों अश्वनी बहल समेत दूसरे दोनों को भी इस मामले में नामजद कर लिया गया है। अभी यह खुलासा नहीं हुआ है कि यह पार्टी किसी एक व्यक्ति ने करवाई थी या फिर होटल संचालक की तरफ से प्रति व्यक्ति पैसे लेकर यह पार्टी की जा रही थी। बिना परमिट के परोसी जा रही थी शराब पुलिस के अनुसार होटल में शराब पिलाने का परमिट तक नहीं है और वहां पर शराब भी परोसी जा रही थी। शराब की कई खाली और भरी हुई बोतलें पुलिस ने बरामद कर ली हैं। पुलिस की तरफ से वहां से सिगरेट और अन्य माधक पदार्थ भी बरामद किए हैं।

रेड के दौरान मची भगदड़, भागने का भी प्रयास

पुलिस की रेड से पहले तक सभी कुछ सही चल रहा था, डीजे पर गाने बज रहे थे और नशे में धुत लोग नाच गा रहे थे। जैसे ही पुलिस की रेड पड़ी तो होटल के मैनेजर ने पहले तो पुलिस को भ्रमित करने का प्रयास किया। उसका कहना था कि अंदर कुछ युवा बर्थडे पार्टी कर रहे हैं और इसका स्टिक्कर भी गेट पर लगा हुआ था। मगर जब पुलिस अंदर गई तो वहां भगदड़ मच गई। वहां से कुछ लोगों ने भागने का भी प्रयास किया मगर पुलिस ने दरवाजे बंद कर दिए थे और किसी को बाहर जाने का मौका नहीं दिया गया। कई राजनीतिज्ञ नेताओं के मार्फत पुलिस पर दबाव डालने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस ने सभी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इस घटना से हड़कंप मच गया है। पकड़े गए कारोबारियों को बचाने के लिए लोग सुबह तक प्रयास करते रहे।

इनके खिलाफ दर्ज हुआ आपराधिक मामला

लुधियाना के होटल में दिल्ली, थाणे और हरियाणा की लड़कियों के साथ पकड़े गए कारोबारी व मौके से फरार होने वाले 25 लोगों को नामजद किया है। इनमें संजीव जायसवाल (मैनेजर होटल), संजीव कुमार (रमेश नगर टिब्बा), संजय (माधोपुरी), विकास साहिल (महमुदपुर), विशाल शर्मा (नसीब एनक्लेव, हैबोवाल), राजिंदर बाबी (किदवई नगर), किरणवीर सिंह (जमालपुर), विपन कुमार (हरबंसपुरा), प्रवीण शर्मा (प्रेम विहार, टिब्बा), सुशील कुमार (निआ मोहल्ला), मोंटू बिरमानी (इकबाल गंज), अमित (प्रताप कालोनी), संजीव कुमार (जेपी एनक्लेव, भामियां), शंकर कुमार (लेबर कालोनी जमालपुर, सभी लुधियाना), साहिल कपूर (कटड़ पराजा, अमृतसर), विनय (चीत कोहड़ा अनिसा बाद, पटना), वनीत कपूर (एमजी मार्ग सिविल लाइंस, इलाहबाद), धरमवीर (न्यू सलेमपुर, नई दिल्ली)। इनके अलावा सात युवतियां शामिल हैं, जो नई दिल्ली, थाणे और हरियाणा की रहने वाली हैं।

यह भी पढ़ेंः- Punjab Crime: पटियाला में शराब कारोबारी की तेजधार हथियारों से हत्या, झगड़े में समझौता करवाते समय हमला

यह भी पढ़ेंः- Ludhiana Crime: झपटमारी गिरोह ज्वाइन नहीं करने पर युवक का अपहरण, जमकर पीटा