Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Murder In Ludhiana: छह माह पहले की लव मैरिज, मायके में रह रही पत्नी की चाकू घोंप कर दी हत्या

    By Rajan Kumar Edited By: Vipin Kumar
    Updated: Fri, 28 Oct 2022 02:54 PM (IST)

    Murder In Ludhiana शहर में हत्या की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने पत्नी की चाकू घाेंप हत्या कर दी। स्वजन उसे अस्पताल ले गए जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आराेपित फरार हाे गया।

    Hero Image
    Murder In Ludhiana: लुधियाना में युवती की हत्या। (सांकेतिक तस्वीर)

    जागरण संवाददाता, लुधियाना। Murder In Ludhiana: शिमलापुरी के न्यू जनता नगर में शुक्रवार तड़के करीब पौने पांच बजे एक युवक ने मायके में रह रही 19 वर्षीय पत्नी संतोष कुमारी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। दोनों ने करीब छह माह पहले ही लव मैरिज की थी। इस घटना का पता परिवार को उस समय चला जब उन्होंने सुबह बेहड़े के गेट पर संतोषी का शव खून से लथपथ पड़ा देखा। स्वजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना शिमलापुरी की पुलिस ने पति नितैई कुमार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। वारदात के बाद से वह फरार है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पुणे की कंपनी में काम करता था आराेपित

    संतोषी कुमारी की मां कनन देवी ने बताया कि उनका परिवार पिछले कई वर्ष से न्यू जनता नगर में किराये के मकान में रहता है। वे मूल रूप से बिहार के जिला पश्चिमी चंपारण के थाना नवलपुर बेतिया के तहत आने वाले गांव सिसमा बमिहार के रहने वाले हैं। उनकी दो बेटियां और एक बेटा है। संतोषी सबसे छोटी थी। उसने करीब छह माह पहले पश्चिमी चंपारण जिले के ही रहने वाले नितैई कुमार के साथ लव मैरिज की थी। वह पुणे की सड़क बनाने वाली एक कंपनी में काम करता था। इस कारण संतोषी तीन माह से मायके में रह रही थी। कुछ दिन पहले नितैई ने फोन कर बताया कि वह छठ पूजा पर शनिवार को लुधियाना पहुंच जाएगा।

    गेट खोलते ही चाकू से किए वार

    शनिवार की जगह वह शुक्रवार तड़के लुधियाना पहुंच गया। उस समय संतोषी सो रही थी। नितैई ने उसके मोबाइल पर सुबह 4:19 बजे फोन किया। नींद में होने के कारण वह फोन नहीं उठा पाई। इसके बाद उसने करीब दस बार फोन किया सुबह 4:47 बजे संतोषी की नींद खुली और उसने फोन उठाया तो नितैई ने उसे बताया कि वह बाहर खड़ा है। संतोषी बेहड़े का गेट खोलने के लिए उठी। गेट खोलते ही नितैई ने उस पर चाकू से कई वार कर फरार हो गया। नितैई ने पत्नी की हत्या क्यों की इसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

    गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारीः पुलिस

    नितैई की बहन की शादी संतोषी के भाई सुरजीत के साथ हुई थी। वह बहन से मिलने आता रहता था। इस बीच संतोषी और नितैई के बीच प्रेम संबंध बन गए। दोनों ने करीब छह माह पहले ही लव मैरिज की थी। नितैई के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल पाएगा। जल्द उसे काबू कर लिया जाएगा। - संदीप वढेरा, एसीपी इंडस्टि्रयल एरिया, लुधियाना

    यह भी पढ़ें-पटाखाें और पराली जलाने से लुधियाना की आबाेहवा खराब: प्रदूषण से हांफने लगे बच्चे; अभिभावकों की नींद उड़ी

    यह भी पढ़ें-Ludhiana: गैंगस्टर जिंदी बैरिकेड काे टक्कर मारकर फरार, पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने का किया प्रयास