लुधियाना भाजपा ने विधानसभा में पेश विश्वास मत का जताया विरोध, डीसी दफ्तर के बाहर दिया धरना
भाजपा के प्रदेश प्रधान पुष्पिंदर सिंगल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार पिछले छह माह के दौरान हर मोर्चे पर फेल साबित हुई है। जिन उम्मीदों के साथ पंजाब की जनता ने आम आदमी पार्टी को चुना था सरकार उस पर खरी नहीं उतरी।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। आम आदमी पार्टी के खिलाफ भाजपा नेताओं ने सोमवार को मिनी सचिवालय में डीसी दफ्तर के बाहर बनी संविधान निर्माता डाक्टर बीआर अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष शांतिपूर्ण तरीके से धरना दिया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने हाथों में पोस्टर एवं बैनर थाम रखे थे और वे दो घंटे तक प्रतिमा के पास ही बैठे रहे। भाजपा नेता पंजाब में लोकतंत्र की हत्या से शुब्ध थे।
विश्वास प्रस्ताव लाकर लोगों को किया जा रहा है गुमराह
भाजपा के प्रदेश प्रधान पुष्पिंदर सिंगल ने कहा कि 92 सीटों पर विजयी होने के बावजूद आप सरकार छह माह में ही विधानसभा में विश्वाास मत हासिल करने जा रही है। सूबे के किभी भी राजनीतिक दल चाहे वह भाजपा हो या कांग्रेस, अकाली दल हो या कोई अन्य किसी ने भी सरकार के प्रति अविश्वास नहीं जताया है। ऐसे में विश्वास प्रस्ताव लाकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है।
हर मोर्चे पर आप फेल, खुद को ठगा महसूस कर रहे लोग
सिंगल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार पिछले छह माह के दौरान हर मोर्चे पर फेल साबित हुई है। जिन उम्मीदों के साथ पंजाब की जनता ने सूबे में बदलाव के लिए आम आदमी पार्टी को चुना था, सरकार उस पर खरी नहीं उतरी। इस कारण लोग खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि आपरेशन लोट्स का डर दिखाकर लोगों को भरमाया जा रहा है, जबकि ऐसा कुछ नहीं है।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता, उपाध्यक्ष परवीन बांसल, कैशियर गुरदेव शर्मा देबी, प्रवक्ता अनिल सरीन, गुरदीप सिंह गोशा, जिला प्रधान पुष्पिंदर सिंगल, नवल जैन, नीरज वर्मा समेत कई भाजपा नेता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ेंः- Faridkot Tourist places: पंजाब का यह शहर है सूफी संतों की तीर्थ नगरी, सर्दियाें में जरूर करें सैर
यह भी पढ़ेंः- लुधियाना के MP रवनीत बिट्टू काे फिर मिली जान से मारने की धमकी, गैंगस्टर जग्गू के नाम से आई कॉल