Farmers Protest: पंजाब के दो और किसानों की दिल्ली आंदाेलन के दौरान हार्ट अटैक से मौत
Farmers Protest दिल्ली बार्डर पर चल रहे किसान आंदोलन में शामिल हुए संगरूर के गांव रामपुर छन्ना के नौजवान किसान संदीप शर्मा की मौत हो गई है। इससे पहले भी आंदाेलन में कई किसान जान गंवा चुके हैं।
लुधियाना, संगरूर, जेएनएन। दिल्ली बार्डर पर चल रहे किसान आंदोलन में शामिल हुए गांव रामपुर छन्ना के नौजवान किसान संदीप शर्मा की मौत हो गई है। गांव के पूर्व सरपंच जतिंदर सिंह ने बताया कि संदीप शर्मा एक फरवरी को गांव के किसानों के साथ दिल्ली गया था। जहां उसकी दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। नौजवान की लाश का दिल्ली अस्पताल से पोस्टमार्टम करवाने के बाद गांव लाकर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
उधर, चीमां शहर के किसान गुरजंट सिंह की दिल्ली के टीकरी बार्डर पर संघर्ष के दौरान मौत हो गई। उक्त किसान लंबे समय से दिल्ली संघर्ष में शिरकत कर रहा था। ठंड लगने व दिल का दौरा पड़ने से मौत हुई है। गुरजंट सिंह अभी कुंवारा था और उसके पास दो एकड़ जमीन थी।
यह भी पढ़ें-दिल्ली से लौटे किसान ने फंदा लगाकर की खुदकुशी
संवाद सूत्र, ममदोट (फिरोजपुर) : दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन से लौटे ब्लाक ममदोट के गांव लक्खा सिंह वाला उताड़ के किसान सुखदेव सिंह ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
सुखदेव की पत्नी कश्मीर कौर ने बताया उनके पति एक सप्ताह पहले गांव के जत्थे के साथ ट्राली से दिल्ली संघर्ष में गए थे। दिल्ली से लौटने के बाद वह काफी परेशान थे। मंगलवार दोपहर को वह खेत में गए और वहां फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सुखदेव की दो बेटियां निरंजन कौर व पूनम रानी और दो बेटे सर्बजीत सिंह एवं संदीप सिंह हैं।