लुधियाना: हलवारा एयरपोर्ट से दिल्ली की उड़ान फिर रद, तीन दिन में दूसरी बार टली एअर इंडिया की फ्लाइट
हलवारा हवाई अड्डे से दिल्ली जाने वाली एअर इंडिया की उड़ानें बार-बार रद होने से यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है।

हलवारा से दिल्ली उड़ान फिर रद, 110 यात्री परेशान।
HighLights
हलवारा-दिल्ली एयर इंडिया उड़ानें लगातार रद हो रही हैं
बुधवार को 110 से अधिक यात्री प्रभावित हुए
यात्रियों ने समय पर उड़ानें चलाने की मांग की
जागरण संवाददाता, लुधियाना। हलवारा हवाई अड्डे से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें कम नहीं हो रहीं। बुधवार सुबह एअर इंडिया की दिल्ली-हलवारा-दिल्ली उड़ान तीन दिन में दूसरी बार रद होने से 110 से ज्यादा यात्री परेशान हो गए।
मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली से हलवारा आने वाली उड़ान ए.आई.-481 हवाई अड्डे पर पहुंची ही नहीं। इसी विमान को हलवारा से दिल्ली के लिए ए.आई.-482 के तौर पर वापस जाना था, लेकिन विमान न आने के चलते यह उड़ान भी रद करनी पड़ी।
तय समय से पहले हवाई अड्डे पहुंचे यात्रियों को जब उड़ान रद होने की खबर मिली तो उनकी परेशानी बढ़ गई। कई यात्री अपनी गाड़ियों से हवाई अड्डे पहुंचे थे। जिन लोगों को दिल्ली में जरूरी काम था, उन्हें टैक्सी या दूसरे साधन लेकर निकलना पड़ा।
उड़ान रद होने के बाद कुछ यात्रियों ने दोपहर की उड़ान ए.आई.-484 में सीट पाने की कोशिश की। कुछ को सीट मिल गई और वे वेटिंग हॉल में अगली उड़ान का इंतजार करते नजर आए, जबकि कई ने अपना यात्रा कार्यक्रम ही बदल दिया।
बार-बार उड़ानें रद होने से हलवारा से दिल्ली जाने वाले यात्रियों में नाराजगी है। यात्रियों ने मांग की कि उड़ानें तय समय पर चलाई जाएं, ताकि उन्हें रोज-रोज की इस परेशानी से छुटकारा मिल सके।
यह भी पढ़ें- दुबई से जयपुर आ रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में हंगामा, यात्री ने आपातकालीन द्वार खोलने का किया प्रयास
यह भी पढ़ें- गया से म्यांमार की सीधी उड़ान, यांगून के लिए दो एयरलाइंस ने दिया शेड्यूल; दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा एअर इंडिया
