लुधियाना में चुनावी ड्यूटी से बचने के लिए निकाला नया पैंतरा, 3500 कर्मचारियों ने नहीं लगवाई वैक्सीन की दूसरी डोज
जिला अधिकारी कम जिला चुनाव अधिकारी वरिंदर शर्मा ने साफ कर दिया कि सभी कर्मचारियों को आफिस आने के लिए भी डबल डोज लगानी जरूरी है। यही नहीं प्रशासन अब चुनावी ड्यूटी वाले कर्मचारियों के लिए वैक्सीनेशन कैंप लगा रहा है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। केंद्रीय चुनाव आयोग ने सिर्फ वैक्सीनेटेड कर्मचारियों को ही चुनाव ड्यूटी पर लगाने के आदेश जारी किए हैं। चुनाव आयोग के आदेशों की आड़ में कर्मचारियों ने चुनाव ड्यूटी से बचने के लिए नया फंडा निकाल दिया। कर्मचारी वैक्सीन की दूसरी डोज नहीं लगवा रहे ताकि उन्हें चुनावी ड्यूटी न करनी पड़े। जिले में ऐसे करीब 3500 कर्मचारी हैं जिन्होंने अभी तक वैक्सीन की दूसरी डोज नहीं ली। लेकिन कर्मचारियों का यह फंडा काम आने वाला नहीं है।
जिला अधिकारी कम जिला चुनाव अधिकारी वरिंदर शर्मा ने साफ कर दिया कि सभी कर्मचारियों को आफिस आने के लिए भी डबल डोज लगानी जरूरी है। यही नहीं प्रशासन अब चुनावी ड्यूटी वाले कर्मचारियों के लिए वैक्सीनेशन कैंप लगा रहा है। मंगलवार को गर्वमेंट कालेज फार गर्ल्स में ऐसे कर्मचारियों के लिए कैंप लगाया जा रहा है। वैक्सीनेशन न करके चुनाव ड्यूटी से बचने वाले कर्मचारियों को अब वैक्सीन लगवानी ही पड़ेगी। क्योंकि डिप्टी कमिश्नर पहले ही सभी विभागों के प्रमुखों को आदेश जारी कर चुके हैं कि वैक्सीन लगवाने वाले कर्मचारियों की एंट्री रोकी जाए। उसके बाद कई विभागों के प्रमुखों ने उनके वेतन जारी करने पर रोक लगा दी है। प्रशासन को उम्मीद है कि मंगलवार को लगने वाले कैंप में बड़ी गिनती में कर्मचारी वैक्सीन लगवा देंगे।
यह भी पढ़ें-पंजाब माैसम अपडेटः राज्य में अगले 2 दिन तक माैसम रहेगा साफ, लोहड़ी के बाद से फिर छाएंगे बादल
चुनाव ट्रैनिंग कैंपों के दौरान भी वैक्सीनेशन टीम तैनात
यही नहीं चुनाव ट्रैनिंग के दौरान आने वाले कर्मचारियों से उनके वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट लिए जाएंगे। अगर उनके पास फाइनल वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट नहीं होगा उनकाे मौके पर ही वैक्सीन लगाई जाएगी। दरअसल डीसी पहले ही सिविल सर्जन को हिदायतें दे चुके हैं कि चुनाव ट्रैनिंग कैंपों के दौरान भी वैक्सीनेशन टीम तैनात की जाए।
यह भी पढ़ें-भारतीय किसान यूनियन एकता उग्राहां के फैसले से पंजाब के राजनीतिक दलाें काे बड़ी राहत, जानिए पूरा मामला