विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रायपुर अराईयां में युवक की संदिग्ध मौत, आठ दिन में तीसरी घटना से दहशत; नशे की ओवरडोज की आशंका

Published: Sat, 18 Apr 2026 02:56 PM (IST)

कपूरथला के रायपुर अराईयां में युवक की संदिग्ध मौत हुई है। आठ दिनों में यह तीसरी घटना है। नशे की ...और पढ़ें

मृतक की फाइल फोटो।

मृतक की फाइल फोटो।

HighLights

  1. कपूरथला के रायपुर अराईयां में युवक की संदिग्ध मौत।

  2. नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका, जांच जारी।

  3. आठ दिन में तीसरी घटना से ग्रामीणों में दहशत।

जागरण संवाददाता, बठिंडा। कपूरथला के थाना ढिलवां के अंतर्गत गांव रायपुर अराईयां में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सैमुअल उर्फ शनि पुत्र अब्दुल वासी, निवासी रायपुर अराईयां के रूप में हुई है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत नशे की अधिक मात्रा लेने के कारण हुई है, हालांकि पुलिस की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

जानकारी के अनुसार, रायपुर अराईयां और आसपास के इलाके में पिछले आठ दिनों के भीतर यह तीसरी ऐसी घटना है, जिसने पूरे क्षेत्र में चिंता और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। इससे पहले भी दो अन्य युवकों की इसी तरह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने गांववासियों को झकझोर कर रख दिया है।

यह भी पढ़ें- बठिंडा के होटल में देह व्यापार का भंडाफोड़, किटी पार्टी की आड़ में चल रहा धंधा; मालिक समेत तीन पर मामला दर्ज

मृतक नशे का आदी था

गांव के लोगों के अनुसार सैमुअल नशे का आदी था। कुछ समय पहले पुलिस ने उसे पकड़कर उपचार के लिए भेजा भी था। लेकिन बाद में वह डर के चलते अपनी बहन के गांव बागड़िया में रहने चला गया। वहीं पर उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मामला नशे की अधिक मात्रा लेने से जुड़ा हो सकता है, लेकिन अंतिम कारण का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।

इस घटना के बाद गांव में शोक और भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में नशे का अवैध कारोबार लगातार बढ़ रहा है, जिससे युवा पीढ़ी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

यह भी पढ़ें- अमृतसर में पिता की पिस्तौल लेकर यूनिवर्सिटी पहुंचा छात्र, क्लासमेंट पर तानी; कैंपस में हड़कंप

नशे के कारोबार पर रोक लगाने की मांग

गांव रायपुर अराईयां के सरपंच वीरेंद्र कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में चल रहे नशे के अवैध कारोबार पर तुरंत रोक लगाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आती रहेंगी और युवाओं की जान खतरे में पड़ती रहेगी।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

यह भी पढ़ें- लुधियाना में मंत्री संजीव अरोड़ा के घर ईडी की छापेमारी खत्म, मुख्यमंत्री का केंद्र पर हमला