कपूरथला में IDBI बैंक की शाखा में आग से मची अफरा-तफरी, लाखों के नुकसान का अनुमान; लॉकर सुरक्षित
कपूरथला में रेलवे स्टेशन रोड स्थित IDBI बैंक शाखा में शनिवार सुबह आग लग गई। दमकल ने आधे घंटे में ...और पढ़ें

आग बुझने के बाद नुकसान का जायजा लेते हुए कर्मचारी।
HighLights
कपूरथला IDBI बैंक शाखा में शनिवार सुबह लगी आग।
शॉर्ट सर्किट से लाखों के दस्तावेज, फर्नीचर को नुकसान।
दमकल ने आधे घंटे में आग बुझाई, लॉकर, नकदी सुरक्षित।
जागरण संवाददाता, कपूरथला। कपूरथला के रेलवे स्टेशन रोड स्थित IDBI बैंक की शाखा में शनिवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बैंक से धुआं निकलता देखकर लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल अधिकारी गुरप्रीत सिंह के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम गाड़ी के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
दमकल विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 5:59 बजे बैंक से धुआं निकलने की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर बैंक के अंदर प्रवेश किया और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारण विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
यह भी पढ़ें- राष्ट्रीय खेल दिवस विशेष: पंजाब की मिट्टी से निकल रहे सितारे, कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ा रहे मान
दस्तावेज और फर्नीचर को पहुंचा नुकसान
बैंक के शाखा प्रबंधक दीपक कुमार ने बताया कि उन्हें सुबह करीब छह बजे आग लगने की सूचना मिली थी। वह तुरंत शाखा पहुंचे। उस समय तक दमकल टीम आग बुझाने में जुटी थी। आग बुझने के बाद बैंक के अंदर स्थिति का जायजा लिया गया।
उन्होंने बताया कि आग से बैंक में रखे जरूरी दस्तावेज, फर्नीचर और अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार बैंक को लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका है। नुकसान का विस्तृत आकलन अभी किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- अमृतसर में तीन जगह पुलिस की दबिश, 8 तस्कर गिरफ्तार; पाकिस्तान से आई 18 पिस्तौल और 3 किलो हेरोइन बरामद
लॉकर क्षेत्र और नकदी सुरक्षित
आग की घटना में राहत की बात यह रही कि बैंक का लॉकर क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित रहा। आग वहां तक नहीं पहुंची और लॉकरों को किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। बैंक में रखी नकदी भी सुरक्षित बताई गई है।
फिलहाल दमकल विभाग और बैंक प्रबंधन नुकसान का आकलन कर रहे हैं। आग लगने की प्राथमिक वजह शार्ट सर्किट मानी जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आग के वास्तविक कारण और कुल नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
