दिवाली से पहले 'जहर' परोसने की थी तैयारी, कपूरथला में 250 KG संदिग्ध पनीर-200 KG दही बरामद, लैब भेजे सैंपल
त्योहारों के मद्देनजर कपूरथला में फूड सेफ्टी विभाग ने एक वाहन से 250 किलो संदिग्ध पनीर और 200 किलो दही ...और पढ़ें

कपूरथला में फूड सेफ्टी टीम का बड़ा एक्शन।
HighLights
कपूरथला में 250 किलो पनीर और 200 किलो दही जब्त
फूड सेफ्टी विभाग ने त्योहारों से पहले की बड़ी कार्रवाई
संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए
संवाद सहयोगी, कपूरथला। त्योहारों के मौसम में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए फूड सेफ्टी विभाग कपूरथला की टीम ने शुक्रवार सुबह संदिग्ध खाद्य सामग्री के खिलाफ कार्रवाई की।
सहायक कमिश्नर फूड सेफ्टी हरजोत पाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने शहर के तिरकोणा चौक, करतारपुर रोड पर डिप्टी कमिश्नर के निवास के निकट एक महिंद्रा बोलेरो कैंपर को रोककर जांच की।
संदिग्ध पनीर और दही जब्त
वाहन से लगभग 250 किलो संदिग्ध पनीर और 200 से 215 किलो संदिग्ध दही बरामद किया गया। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के अतिरिक्त तीन गैस सिलेंडर और एक वजन करने वाली मशीन भी जब्त की गई।
हिरासत में लिए आरोपित
अधिकारियों ने बरामद सामग्री की गुणवत्ता और शुद्धता को लेकर जांच की प्रक्रिया शुरू की है। वाहन चालक की पहचान गुरप्रीत सिंह निवासी करतारपुर, जिला जालंधर के रूप में हुई है, जबकि उसके साथ मौजूद व्यक्ति की पहचान सन्नी कुमार, निवासी करतारपुर, जिला जालंधर के रूप में बताई गई है।
बरामद दही व पनीर के सैंपल भेजे लैब
दोनों को आगे की कार्रवाई के लिए हिरासत में लिए जाने की सूचना है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि अभी होना बाकी है। बरामद पनीर और दही की गुणवत्ता को लेकर संदेह जताया गया है लेकिन फिलहाल इन्हें नकली या मिलावटी घोषित नहीं किया जा सकता।
खाद्य पदार्थों के नमूनों की प्रयोगशाला जांच और रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वे निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप हैं या नहीं। इस मामले में बरामद सामग्री की वास्तविक स्थिति जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
