विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, चार जगह छापे में एक गिरफ्तार; कई वाहन और मशीनें जब्त

Published: Sat, 17 Oct 2026 11:33 PM (IST)

पंजाब में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन विभाग ने पठानकोट, कपूरथला और आनंदपुर साहिब में चार जगहों ...और पढ़ें

पंजाब में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई। फाइल फोटो

पंजाब में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई। फाइल फोटो

HighLights

  1. पंजाब में अवैध खनन के खिलाफ चार स्थानों पर छापेमारी।

  2. कई टिप्पर, पोकलेन मशीनें और ट्रैक्टर जब्त किए गए।

  3. कपूरथला में एक व्यक्ति गिरफ्तार, पठानकोट में मामला दर्ज।

डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खनन विभाग ने पठानकोट, कपूरथला और श्री आनंदपुर साहिब में चार अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान कई टिप्पर, पोकलेन मशीनें और एक ट्रैक्टर जब्त किया गया।

कपूरथला में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जबकि पठानकोट में स्टोन क्रशर मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पंजाब के खनन एवं भू-विज्ञान मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि सरकार अवैध खनन रोकने और सरकारी खजाने को नुकसान से बचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मंत्री ने बताया कि पठानकोट के गांव जसवां स्थित क्रशर क्षेत्र में देर रात की गई कार्रवाई के दौरान एक पोकलेन मशीन और करीब 400 घन फुट बजरी से भरा बिना नंबर का टिप्पर जब्त किया गया। जांच में सामने आया कि ट्रेहन स्टोन क्रशर को 22 मई 2026 को ही निलंबित किया जा चुका था।

लेकिन इसके बावजूद जनरेटर की मदद से क्रशर चलाकर खनिज सामग्री बेची जा रही थी। लोगों को क्रशर के सरकारी मंजूरी से चलने की बात कहकर गुमराह करने का भी आरोप है। पुलिस ने थाना तारागढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

कपूरथला में छह टिप्पर जब्त

कपूरथला के गांव खिजरपुर में खनन विभाग की टीम ने पुलिस के साथ छापा मारकर छह टिप्पर, एक पोकलेन मशीन और एक ट्रैक्टर जब्त किया। इनमें से दो टिप्परों में करीब 800-800 घन फुट रेत लदी हुई थी। इस मामले में जालंधर के लांबड़ा क्षेत्र के निवासी माइकल सहित पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। माइकल को गिरफ्तार किया गया है।

आनंदपुर साहिब में दो मामले

श्री आनंदपुर साहिब के गांव सवाड़ा में अवैध खनन के दो मामले सामने आए। एक मामले में 16 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज की गई, जबकि दूसरे में जमीन मालिक के खिलाफ शिकायत दी गई। कार्रवाई के दौरान अवैध खनन में इस्तेमाल हो रही पोकलेन मशीन जब्त की गई।

गोयल ने कहा कि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ पुलिस के सहयोग से कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी शिकंजा कसा जाएगा। गौरतलब है कि दो दिन पहले ही कांग्रेस के सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने अवैध खनन के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था।