जालंधर में युवक की संदिग्ध मौत, स्कूल के बाहर मिले इंजेक्शन; पूर्व विधायक शीतल अंगुराल प्रबंधन पर भड़के
जालंधर वेस्ट में युवक की संदिग्ध मौत के बाद शीतल अंगुराल ने स्कूल के बाहर नशे की सामग्री मिलने का दावा किया। उन्होंने पुलिस आयुक्त से कार्रवाई मांगी।

स्कूल के बाहर मिले इंजेक्शन।
HighLights
जालंधर वेस्ट में नशे की ओवरडोज से युवक की मौत।
भाजपा नेता शीतल अंगुराल ने पुलिस कार्रवाई की मांग की।
स्कूल के पास नशे के सामान मिलने पर जताई चिंता।
जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर वेस्ट हलके में नशे की ओवरडोज से एक युवक की मौत के बाद इलाके में नशे के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। भाजपा नेता शीतल अंगुराल ने घटनास्थल और आसपास के हालात को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ एक परिवार ने अपना जवान बेटा खो दिया है, वहीं दूसरी तरफ जिस इलाके में छोटे बच्चे पढ़ने के लिए स्कूल जाते हैं, वहां नशे का सामान और इस्तेमाल की गई सीरिंजें मिलना गंभीर चिंता का विषय है। शीतल अंगुराल ने कहा कि पीड़ित परिवार अपने बच्चे की मौत के मामले में इंसाफ की मांग कर रहा है।
उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय दिलाने के साथ-साथ इलाके के उन मासूम बच्चों का भविष्य सुरक्षित करना भी जरूरी है, जो रोजाना इसी माहौल से होकर स्कूल पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि वह और उनकी टीम इस दुख की घड़ी में पीड़ित मां और परिवार के साथ खड़े हैं।
यह भी पढ़ें- बेटी के MBBS दाखिले के लिए खुद को मृत दिखाया, बर्खास्त AIG राजजीत ने बनवाया था डेथ सर्टिफिकेट
मामले को बताया गंभीर
उन्होंने बताया कि संबंधित क्षेत्र गरीब बस्ती है, जहां तीन से छह वर्ष तक के छोटे बच्चे स्कूल में पढ़ने आते हैं। उनका कहना था कि स्कूल के बाहर नशे के इंजेक्शन की सिरिंज, कैप्सूल और चिट्टे की खाली पन्नियां बिखरी हुई दिखाई देती हैं। अंगुराल ने कहा कि माता-पिता अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित माहौल की उम्मीद से स्कूल भेजते हैं, लेकिन स्कूल के बाहर नशे से जुड़ी सामग्री मिलना बेहद गंभीर स्थिति है।
स्कूल प्रबंधन पर भी उठे सवाल
अंगुराल ने स्कूल प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी केवल फीस वसूलने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों की सुरक्षा और उनके आसपास के वातावरण पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।
उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इलाके के आसपास पुलिस थाने होने के बावजूद नशे का यह कथित कारोबार चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस पर राजनीतिक दबाव है और वह स्वतंत्र रूप से कार्रवाई नहीं कर पा रही।
यह भी पढ़ें- लुधियाना के उद्योगपतियों का करोड़ों रुपये का GST रिफंड अटका, बोले- पूंजी फंसी तो कारोबार पर पड़ेगा असर
पुलिस कमिश्नर से एरिया में आने की अपील की
भाजपा नेता ने पुलिस कमिश्नर से अपील की कि वह स्वयं गरीब बस्ती में पहुंचकर मौके के हालात देखें और नशे के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दें। उन्होंने कहा कि इस लड़ाई में वह, कुनाल शर्मा और शक्ति भगत पीड़ित परिवार के साथ हर कदम पर खड़े रहेंगे।
