जालंधर में 6 महीने से छिपकर रह रहा था बिहार का कुख्यात नक्सली, सीआरपीएफ के जवानों से हथियार छीनकर भागा था
अजय को करीब 4 घंटे का ट्रैप लगाकर गिरफ्तार किया गया। पुलिस को शक था कि उसके पास सीआरपीएफ से छीने हथियार हो सकते हैं। वह यहां फोकल प्वाइंट के पास इंडस्ट्रीयल क्वार्टरों में छह महीने से रह रहा था और मजदूरी कर रहा था।
सुक्रांत, जालंधर। Bihar Notorious Naxal Arrested Jalandhar बिहार में सीआरपीएफ के जवानों के हथियार छीनकर भागा कुख्यात नक्सली जालंधर में पकड़ा गया। वह यहां फोकल प्वाइंट के पास इंडस्ट्रीयल क्वार्टरों में छह महीने से रह रहा था और मजदूरी कर रहा था। वीरवार सुबह बिहार और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर उसे पकड़ लिया। नक्सली की पहचान बिहार के मुज्जफरपुर जिले के रूप छपरा के अजय राय के रूप में हुई है। अजय को करीब 4 घंटे का ट्रैप लगाकर गिरफ्तार किया गया। पुलिस को शक था कि उसके पास सीआरपीएफ से छीने हथियार हो सकते हैं। गिरफ्तारी के समय कोई हथियार नहीं मिला है। पुलिस ने उसे मोबाइल फोन लोकेशन के आधार पर पकड़ा है।
एसएसपी नवीन सिंगला ने बताया कि बिहार पुलिस से सूचना मिली थी कि वहां कई वारदात कर भागा नक्सली अजय जालंधर में रह रहा है। उसके बाद बिहार के साहेबगंज थाना के एसआइ सुनील कुमार श्रीवास्तव व जालंधर के एसपी मनप्रीत सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीक ने उसे काबू कर लिया। पता चला है कि उसने कुछ समय पहले अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर सीआरपीएफ के एक कैंप पर हमला किया था। वहां से वह चार एलएमजी लेकर भाग निकला था।
बिहार के 10 जिले नक्सल हिंसा प्रभावित
केंद्रीय गृह मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक अब 10 राज्यों के 70 जिलों में ही नक्सली हिंसा की समस्या रह गई है। अभी तक बिहार के 16 जिले नक्सल प्रभावित थे, जो नई सूची के अनुसार घटकर 10 रह गए हैं। इससे पहले की सूची में 11 राज्यों के 91 जिले नक्सल समस्या प्रभावित बताए गए थे। भारत में बिहार नक्सल हिंसा के बड़े केंद्रों में शामिल था पर अब यहां हालात काफी सुधरे हैं।
यह भी पढ़ें - Army Helicopter Crash: झील की 150 फीट गहराई तक कुछ नहीं दिख रहा, दोनों पायलटों की खोज को मंगवाए स्पेशल कैमरे
यह भी पढ़ें - फालोअर्स व लाइक बढ़ाने के लिए पंजाब के युवक का अजब शौक, मोटरसाइकिल पर लगवा दिए 48 हार्न