यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 03, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पंजाब में पाकिस्तान को खुफिया जानकारी भेजने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे, सीमा पार से मंगवाता था नशा
पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का आरोपित जगदीश सिंह उर्फ जग्गा निवासी गांव फतौचक का रहने वाला है। वह पिछले ...और पढ़ें

जागरण टीम, पठानकोट/बमियाल। पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। पठानकोट पुलिस ने पाकिस्तान को सीमांत क्षेत्रों की खुफिया जानकारी इंटरनेट मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान भेजने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान जगदीश सिंह उर्फ जग्गा निवासी गांव फतौचक के रूप में हुई है। जासूसी के आरोपित जगदीश से कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है। पुलिस ने उस पर आर्म्स और एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज करके जांच आरंभ की है। पुलिस के अनुसार मंगलवार दोपहर बाद इस संबंध में और जानकारी साझा की जाएगी।
खुफिया जानकारी मुहैया करवाने के बदले मंगवाला था नशा
पुलिस को कुछ दिन पहले सूचना मिली थी कि क्षेत्र का एक व्यक्ति इंटरनेट मीडिया के सहारे पाकिस्तानी तस्करों से तालमेल करता है। सूचना के आधार पर पुलिस की ओर से क्षेत्र की घेराबंदी करके आरोपित को उस समय गिरफ्तार किया जब अपने गांव आ रहा था। पुलिस अधिकारियों की माने तो वह पिछले चार-पांच महीनों से अलग-अलग दो मोबाइल नंबरों से पाकिस्तान में बात करता था। उन्हें क्षेत्र की खूफिया जानकारी मुहैया करवाता था। इसके बदले में वह पाकिस्तान से नशा व अन्य समान मंगवाता था।
युवक पर सुरक्षा एजेंसियां पिछले कई दिनों से निगाह रखे हुए थे परंतु वह पकड़ में नहीं आ रहा था। पेशे से आरोपित जगदीश खेतीबाड़ी का काम करता है। अब उसके पूरे परिवार की हिस्ट्री खंगाली जा रही है। उसे गिरफ्तार करने के बाद पुलिस पहले उसका सिविल अस्पताल पठानकोट में मेडिकल करवाएगी और फिर कोर्ट में पेश करेगी।
आज न्यायालय में मांगा जाएगा पुलिस रिमांड
पुलिस थाना नरोट जैमल सिंह के प्रभारी इंस्पेक्टर कुलवंत सिंह का कहना है कि आरोपित पाकिस्तान को खुफिया जानकारी मुहैया करवाता था। उसे बीते सोमवार गांव फतोचक्क से गिरफ्तार कर लिया गया। उसे मंगलवार को न्यायालय में प्रस्तुत करके उसका पुलिस रिमांड मांगा जाएगा।
