Punjab Coronavirus Lockdown: संकट में भी गति पकड़ रही जिंदगी, लेदर इंडस्ट्री में उत्पादन शुरू
Punjab Coronavirus Lockdown संकट में भी पंजाब में जिंदगी रफ्तार पकड़ रही है। राज्य में कई उद्योगों के बाद लेदर इंडस्ट्री मे भी उत्पादन शुरू हो गया है।
जालंधर, [कमल किशोर]। Punjab Coronavirus Lockdown: कोरोना संकट के बीच भी पंजाब में जिंदगी गति पकड़ रही है। पंजाब में साइकिल, ट्रैक्टर, कंबाइन, होजरी, टेक्सटाइल और स्पोर्ट्स इंडस्ट्री के बाद अब लेदर इंडस्ट्री में भी उत्पादन शुरू हो गया है। अभी कर्फ्यू से पहले मिले विदेशी खरीदारों के ऑर्डर को तैयार किया जा रहा है। घरेलू मार्केट से फिलहाल अभी कोई ऑर्डर नहीं मिला। कर्फ्यू से पहले इंडस्ट्री को 20 करोड़ के करीब ऑर्डर मिले थे।
यहां लेदर कांप्लेक्स में करीब 300 इकाइयां लेदर गुड्स तैयार करती हैं, जिनमें से 30 प्रतिशत में काम शुरू हो गया है। श्रमिक भी काम पर लौटने लगे हैं। लेदर इंडस्ट्री को डेढ़ महीने पहले विदेश से 15 करोड़ रुपये के ऑर्डर मिले थे, जिन्हें पूरा किया जा रहा है। इंडस्ट्री में उत्पादन शुरू करने का उद्देश्य श्रमिकों का पलायन रोकना है।
30 प्रतिशत इकाइयों में उत्पादन शुरू, श्रमिक काम पर लौटे, इंडस्ट्री को नहीं मिला अभी नया ऑर्डर
लेदर इंडस्ट्री में करीब 30 हजार श्रमिक काम करते हैं। कोरोना के कारण लगे कर्फ्यू में इंडस्ट्री बंद थी। प्रदेश सरकार से इंडस्ट्री शुरू करने की अनुमति मिलने के बाद तीस प्रतिशत इकाइयों में उत्पादन शुरू हो गया है। इससे बीस फीसद श्रमिक भी काम पर लौट आए हैं। फिलहाल इंडस्ट्री के पास कोई नया ऑर्डर नहीं है। 30 प्रतिशत इकाइयां वही खुली हैं जिनके पास विदेश से पुराने ऑर्डर हैं। काम पर लौटे श्रमिकों की सुरक्षा के मद्देनजर सैनिटाइजर व मास्क भी दिए जा रहे हैं।
इंडस्ट्री में श्रमिकों की सुरक्षा का भी रखा जा रहा है ध्यान
उद्यमियों के अनुसार इस साल यूरोपियन देशों से कई ऑर्डर मिले थे, लेकिन कोविड-19 के कारण कई ऑर्डर रद हो गए। इंडस्ट्री में अभी कच्चा माल (रॉ मैटीरियल) पड़ा है। पुराने ऑर्डर इसी कच्चा माल से पूरे किए जा रहे हैं। जैसे-जैसे लॉकडाउन में छूट मिलेगी, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, चेन्नई से कच्चा चमड़ा भी आना शुरू हो जाएगा। घरेलू ऑर्डर मिलने की भी उम्मीद है। जब रॉ मैटीरियल आने लगेगा तो बाकी इकाइयां भी शुरू हो जाएंगी।
डेढ़ महीने का रॉ मैटीरियल उपलब्ध है
लेदर इकाइयों में डेढ़ महीने का रॉ मैटीरियल उपलब्ध है। इससे पुराने ऑर्डर पूरे किए जा रहे हैं। यहां लेदर टूल्स बैग, लेदर बैग, शूज, लेदर बेल्ट, लेदर पर्स, लेडीज सैंडल व लेडीज लेदर बैग तैयार किए जाते हैं।
उत्पादन शुरू करने का उद्देश्य श्रमिकों का पलायन रोकना
रघु एक्सपोर्ट के प्रधान प्रवीण कुमार ने कहा कि अभी 30 प्रतिशत इकाइयों में ही काम शुरू हुआ है। उत्पादन शुरू करने का उद्देश्य श्रमिकों का पलायन रोकना है। फिलहाल नया ऑर्डर नहीं मिला है। पुराने ऑर्डर पूरे कर रहे हैं जोकि अमेरिका, स्पेन, इटली, इंग्लैंड व नीदरलैंड से मिले हैं।
रॉ मैटीरियल आने से बाकी इकाइयां भी होंगी शुरू
फाइबरटेक लेदर प्राइवेट लिमिटेड के एमडी राघव सूद ने कहा कि कुछ इकाइयों में उत्पादन शुरू हो गया है। रॉ मैटीरियल की उपलब्धता के साथ ही आने वाले दिनों में शेष इकाइयां भी उत्पादन शुरू कर देंगी। फिलहाल इंडस्ट्री पेंडिंग ऑर्डर को तैयार कर रही हैं।
उत्पादन शुरू होने से श्रमिक पंजाब में ही रुक जाएंगे
लेदर कारोबारी अजय शर्मा ने कहा कि उत्पादन शुरू होने से श्रमिक पंजाब में रुक जाएंगे। श्रमिकों की सुरक्षा का ख्याल रखा जा रहा है। आने वाले दिनों में इंडस्ट्री सरवाइव करनी शुरू कर देगी।
यह भी पढ़ें: अनोखा अभियान जीत रहा दिल, सेल्फी विद डाटर्स के बाद अब सेल्फी विद कोरोना वारियर्स
यह भी पढ़ें: कोरोना इफेक्ट : रेलवे में जुलाई तक न तबादले, न होंगे रिलीव, 31 मई तक ट्रेनों का संचालन रोका
यह भी पढ़ें: श्रमिकों को अपने खर्च पर भेज रही सरकार, श्रेय लेने में जुटी कांग्रेस, लगाए पोस्टर व बांट
यह भी पढ़ें: VIDEO: विशेष ट्रेनों में जा रहे श्रमिकाें के खर्च का श्रेय लेने में जुटी कांग्रेस, MLA राजा वडिंग बांटे पर्चे
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें