LPU में यौन उत्पीड़न के दावों और बवाल के बीच अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज; DIG बोले- जांच के लिए SIT गठित
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के गर्ल्स हॉस्टल में यौन उत्पीड़न के दावों के बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया और ...और पढ़ें
HighLights
LPU गर्ल्स हॉस्टल में यौन उत्पीड़न के दावों पर छात्रों का प्रदर्शन।
पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया।
डीआईजी ने जांच के लिए विशेष एसआईटी गठित करने का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, जालंधर। पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल में एक छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न के दावों के बाद परिसर में देर रात भारी बवाल हो गया। छात्रों का गुस्सा इस कदर भड़का कि देर रात परिसर में प्रदर्शन के बाद करीब दो बजे नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। छात्रों के उग्र प्रदर्शन के बाद हरकत में आई पुलिस ने अब अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ BNS की धारा 64 (दुष्कर्म) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने पीड़ित की जगह खुशी नाम की छात्रा के बयानों पर ये मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को शिकायत देते हुए लिखा-
बेनती है कि हम LPU में अपनी पढ़ाई कर रहे हैं और सभी अंदर हॉस्टल में रहते हैं। करीब 3/4 दिन पहले GH-3 में एक लड़की के साथ एक अज्ञात व्यक्ति ने रेप किया था। इस पर कोई कार्रवाई नहीं होती दिख रही है। इसकी FIR दर्ज की जाए और अपराध करने वाले को सजा दी जाए और इसके साथ बाकी लड़कियों की सुरक्षा की जाए जो यूनिवर्सिटी वालों ने उसको छुपाने की कोशिश की है। इस बात की तस्दीक करके उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस हॉस्टल की वार्डन की बदली की जाए। इस संबंधी भी कार्रवाई की जाए। इस केस को ट्रेस करने के लिए CCTV कैमरे चेक किए जाएं।
यह भी पढ़ें- 'यूनिवर्सिटी को बदनाम करने की साजिश', LPU ने यौन उत्पीड़न की अफवाहों को बताया बेबुनियाद
पढ़ें FIR

डीआईजी ने की छात्रों से मुलाकात
मामले की गंभीरता को देखते हुए जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला खुद मौके पर पहुंचे और छात्रों से बात की। पुलिस ने यह केस पीड़ित की जगह हॉस्टल में रहने वाली खुशी नाम की एक छात्रा की शिकायत पर दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी अर्जी में आरोप लगाया है कि करीब तीन-चार दिन पहले जी3 हॉस्टल में एक अज्ञात व्यक्ति ने छात्रा के साथ गलत काम किया था, लेकिन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि यूनिवर्सिटी प्रबंधन मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है। इसके साथ ही छात्राओं की सुरक्षा बढ़ाने, हॉस्टल वार्डन का तबादला करने और सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग भी की गई।
यह भी पढ़ें- पंजाब: LPU में छात्रा के साथ कथित यौन शोषण की खबर पर भड़के छात्र, कैंपस में तोड़फोड़, हाइवे किया जाम
जांच के लिए एसआईटी गठित
डीआईजी नवीन सिंगला ने स्पष्ट किया कि छात्रों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक विशेष जांच टीम यानी एसआईटी का गठन किया जा रहा है। जांच प्रक्रिया पूरी तरह वैज्ञानिक होगी, जिसमें फॉरेंसिक जांच, सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा और मोबाइल डेटा का विश्लेषण शामिल रहेगा।
पूरी जांच में छात्र प्रतिनिधियों को भी शामिल रखा जाएगा। फिलहाल छात्रा का नाम पूरी तरह स्पष्ट न होने के कारण केस अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया गया है। छात्रों की अन्य मांगों को लेकर दोपहर में प्रबंधन के साथ बैठक भी तय की गई है।
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने अफवाह बताया
दूसरी तरफ, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने इन सभी दावों को पूरी तरह खारिज किया है। संस्थान की रजिस्ट्रार डॉ. मोनिका गुलाटी ने बयान जारी कर कहा कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर झूठी, मनगढ़ंत और भ्रामक अफवाहें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने इसे यूनिवर्सिटी की साख खराब करने की एक सोची-समझी साजिश करार दिया। प्रशासन ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
