यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 17, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गुरदासपुर उपचुनाव के लिए मेजर जनरल सुरेश खजूरिया आप के उम्मीदवार घोषित
गुरदासपुर लोकसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव में आप ने सुरेश खजूरिया को उम्मीदवार घोषित किया है।

जेएनएन, जालंधर। गुरदासपुर लोकसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने मेजर जनरल सुरेश खजूरिया को उम्मीदवार घोषित किया है। इसकी घोषणा आप प्रदेश प्रधान भगवंत मान ने इसकी घोषणा की।
आम आदमी पार्टी ने रविवार को गुरदासपुर लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी की घोषणा की। आप नेता भगवंत मान और सुखपाल खैहरा ने सर्किट हाउस जालंधर में इसकी घोषणा की। उपचुनाव में आम आदमी पार्टी की ओर से मेजर जनरल सुरेश खजूरिया मैदान में होंगे।
खजूरिया पठानकोट के गांव बुंगल रहने वाले हैं और इस समय पठानकोट के विक्टोरिया एस्टेट में रह रहे हैं। वे लंबे समय से पार्टी से जुड़े हुए हैं। आप की टिकट के लिए अंतिम राउंड में आप के दो नेता पहुंचे थे। पहला नाम विस चुनाव के दौरान संसदीय हलके के कन्वीनर रहे एवं पंजाब सचिव लखबीर सिंह का था, जबकि दूसरा नाम मेजर जनरल खजूरिया था। अंत में सुरेश खजूरिया के नाम पर मुहर लगी।
यह भी पढ़ें: थाने पहुंची पत्नी बोली- पति ने घर में की है चोरी, करो शिकायत दर्ज

गुरदासपुर लोकसभा सीट से आप प्रत्याशी मेजर जनरल सुरेश खजूरिया।
बता दें, गुरदासपुर लोकसभा सीट के लिए होने वाले उप-चुनाव की अधिसूचना शुक्रवार को जारी की गई थी। हालांकि, पहले दिन किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया। 16 सितंबर को नेगोशिएबल एक्ट 1881 के अधीन छुट्टी न होने के कारण नामजदगी पत्र दाखिल किए जा सकते हैं।
17 सितंबर को छुट्टी होने के कारण नामांकन पत्र दाखिल नहीं किए जा सकेंगे। 21 सितबर को नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकते हैं। उपचुनाव के एलान के साथ ही गुरदासपुर और पठानकोट जिलों में चुनाव आचार संहिता लागू हो गई थी, जो चुनाव संपन्न होने तक लागू रहेगी।
चुनाव प्रक्रिया
-नामांकन: संबंधित कागजात सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर बाद 3 बजे तक रिटर्निंग अधिकारी के पास दाखिल किए जा सकते हैं।
-नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख: 22 सितंबर
-नामांकन पत्रों की पड़ताल: 25 सितंबर
-नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तारीख: 27 सितंबर
-मतदान: 11 अक्टूबर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक
-वोटों की गिनती: 15 अक्टूबर
