12 साल की उम्र में संभाली जिम्मेदारी, फिर बने 'शेर-ए-पंजाब'; जाने महाराजा रणजीत सिंह ने कैसे खड़ा किया सिख साम्राज्य
महाराजा रणजीत सिंह ने विभिन्न सिख मिसलों को एकजुट कर पंजाब में शक्तिशाली साम्राज्य स्थापित किया। आधुनिक सेना, कुशल प्रशासन और धार्मिक सहिष्णुता उनकी पहचान बनी।

महाराजा रणजीत सिंह।
HighLights
छोटी उम्र में जिम्मेदारी संभालकर शक्तिशाली सिख साम्राज्य की नींव रखी।
बिखरी सिख मिसलों को एकजुट कर अखंड पंजाब का निर्माण किया।
उनकी सेना में हिंदू, मुस्लिम और यूरोपीय अधिकारी भी शामिल थे।
आशीष तिवारी, जालंधर। पंजाब के महान शासक महाराजा रणजीत सिंह का आज जन्मदिवस है। इतिहास में महाराजा रणजीत सिंह का नाम एक ऐसे शासक के रूप में दर्ज है, जिन्होंने कभी हार का मुंह नहीं देखा। उन्होंने बिखरी हुई सिख मिसलों को एकजुट कर शक्तिशाली साम्राज्य की नींव रखी।
अपनी वीरता, दूरदर्शिता, कुशल नेतृत्व और कूटनीतिक समझ के दम पर उन्होंने ऐसा शासन स्थापित किया, जिसकी सीमाएं लाहौर से लेकर मुल्तान, कश्मीर और पेशावर तक फैली थीं। जिसे अखंड पंजाब का नाम दिया गया।
यही वजह है कि उन्हें आज भी 'शेर-ए-पंजाब' के नाम से याद किया जाता है। महाराजा रणजीत सिंह का जन्म 13 नवंबर 1780 को गुजरांवाला में हुआ था, जो अब पाकिस्तान के पंजाब में है। उनके पिता का नाम महा सिंह और माता का नाम राज कौर था। उनके पिता सुकरचकिया मिसल के प्रमुख थे।
बचपन में चेचक की बीमारी के कारण उनकी एक आंख की रोशनी चली गई थी। इसके बावजूद उनके साहस और नेतृत्व क्षमता में कभी कमी नहीं आई। उन्हें औपचारिक स्कूली शिक्षा नहीं मिली, लेकिन बचपन से ही घुड़सवारी, तलवारबाजी और युद्धकला का प्रशिक्षण दिया गया।
यह भी पढ़ें- 'पंजाब से अपनी जड़ों को कभी न टूटने दें सिख', UK में महाराजा दलीप सिंह की बरसी पर अकाल तख्त जत्थेदार का आह्वान

अखंड पंजाब की नींव
महाराजा रणजीत सिंह के कंधों पर काफी छोटी कम उम्र में जिम्मेदारियां आ गईं। 10 साल की उम्र में उन्होंने अपना पहला युद्ध लड़ा। वह महज 12 वर्ष के थे, जब उनके पिता का निधन हो गया। इसके बाद उन्होंने राजपाट की जिम्मेदारी संभाली। लेकिन उनकी कूटनीति और निर्णय लेने की क्षमता ने अखंड पंजाब की नींव रखी। उन्होंने 1799 में लाहौर फतेह किया, जिसके बाद 1802 में अमृतसर, 1818 में मुल्तान, 1819 में कश्मीर और 1834 में पेशावर सहित अनेक क्षेत्रों पर अपना अधिकार स्थापित किया।
उन्होंने अपने शासन काल में सेना को आधुनिक करने पर जोर दिया। यूरोपीय सैन्य अधिकारियों की सहायता से तोपखाने, पैदल तथा घुड़सवार सेना को प्रशिक्षित किया।
यह भी पढ़ें- काशी विश्वनाथ: देश का इकलौता ज्योतिर्लिंग जहां एक ही पिंड में विराजे हैं शिव और शक्ति दोनों!

हर धर्मों और वर्गों का सेना में प्रतिनिधित्व
महाराजा रणजीत सिंह के अधीन सेना सिख समुदाय तक ही सीमित नहीं थी। उनकी सेना में हिंदू, मुस्लिम और यूरोपीय भी शामिल थे। हिंदू ब्राह्मण और सभी पंथों और जातियों के लोगों ने उनकी सेना की सेवा की, जबकि उनकी सरकार की संरचना में धार्मिक विविधता भी झलकती थी।
उनकी सेना में पोलिश, रूसी, स्पेनिश, प्रशिया और फ्रांसीसी अधिकारी भी शामिल थे। 1835 में, जब अंग्रेजों के साथ उनके संबंध मधुर हो गए, तो फाउलकेस नामक एक ब्रिटिश अधिकारी को उन्होंने काम पर रखा था।
पूरे शासन में किसी को मृत्यु दंड नहीं दिया
उनके शासन काल में हर धर्म को एक ही नजर से देखा गया। स्वर्ण मंदिर में 162 किलो सोना देकर उन्होंने सेवा निभाई। इतना ही सोना उन्होंने वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में भी दिया। कहा जाता है कि उनके शासनकाल में एक बार भी मृत्युदंड नहीं दिया गया। इतना ही नहीं, जब पूरा देश अंग्रेजों का गुलाम हुआ, उनका एक मात्र सम्राज्य अंग्रेजों से मुक्त था।
महाराजा रणजीत सिंह की जीत का सफर
- साल 1799 के 7 जुलाई को रणजीत सिंह ने अपनी पहली जीत हासिल की थी। चेत सिंह की सेना को उन्होंने धुल चटाकर लाहौर पर कब्जा कर लिया था।
- साल 1801 में रणजीत सिंह की पंजाब के महाराज के तौर पर उनकी ताजपोशी हुई। केवल 20 साल की उम्र में उन्होंने इस उपलब्धि को हासिल किया।
- महाराजा ने अपनी सेना के साथ आक्रमण कर साल 1818 में मुल्तान और 1819 में कश्मीर को भी जीत लिया।
- महाराजा रणजीत सिंह ने अफगानों के खिलाफ कई लड़ाइयां लड़ी थीं। इन युद्धों में जीत के बाद उन्होंने अफगानों को पश्चिमी पंजाब की तरफ खदेड़ दिया था।
यह भी पढ़ें- राजा हो या नेता, अकाल तख्त का आदेश सबके लिए सर्वोच्च; जानिए पंजाब की राजनीति में क्यों खास है इसका स्थान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।