LPU Protest: 10 दिनों तक क्लास बंद, एग्जाम की डेट भी बदली; छात्रों के बवाल के बीच प्रशासन का बड़ा फैसला
LPU परिसर में हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद प्रबंधन ने 10 दिनों के लिए कक्षाएं निलंबित कर दी हैं। मिड-टर्म ...और पढ़ें

LPU में स्थिति संभालते हुए पुलिस।
HighLights
LPU में बवाल के बाद 10 दिन के लिए कक्षाएं निलंबित।
मिड-टर्म परीक्षाएं अगले आदेश तक स्थगित की गईं।
छात्रों को घर जाने या हॉस्टल में रहने की सलाह।
जागरण संवाददाता, जालंधर। पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) परिसर में शनिवार देर रात और रविवार को हुए भारी बवाल, तोड़ाफोड़ तथा आगजनी की घटनाओं के बाद यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एक प्रशासनिक निर्णय लिया है। कैंपस में माहौल को देखते हुए और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नोटिस जारी कर 10 दिनों के लिए सभी नियमित कक्षाओं को निलंबित कर दिया गया है।
यह निलंबन 28 सितंबर से प्रभावी माना जाएगा। इसके साथ ही आने वाले दिनों में आयोजित होने वाली मिड-टर्म परीक्षाओं को भी अगले आदेश तक स्थगित करने की घोषणा की गई है।
यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से छात्रों को भेजे गए आधिकारिक संदेश में स्पष्ट कहा गया है कि मौजूदा हालातों को ध्यान में रखते हुए छात्र अपने माता-पिता और अभिभावकों की सहमति से अपने-अपने घर या गृह नगर जा सकते हैं।
स्टूडेंट्स को होस्टल से बाहर न निकलने की हिदायत
हालांकि जो छात्र परिसर में ही रुकना चाहते हैं, उन्हें सख्त हिदायत दी गई है कि वे अपनी सुरक्षा के मद्देनजर हॉस्टल या अपने रहने के स्थान के भीतर ही रहें। किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि या विरोध प्रदर्शन में शामिल होने और अनावश्यक रूप से बाहर घूमने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।
गौरतलब है कि छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म और आत्महत्या की अफवाह फैलने के बाद परिसर में छात्रों का गुस्सा भड़क गया था, जिससे देर रात तोड़फोड़, आगजनी और हाईवे जाम जैसी गंभीर स्थितियां पैदा हो गईं। पुलिस और प्रशासन के भारी प्रयासों के बावजूद रात भर माहौल गरमाया रहा। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए अब यूनिवर्सिटी ने यह बड़ा कदम उठाया है।
यह भी पढ़ें- देर रात जुटे छात्र, तड़के 4 बजे हाईवे जाम और शाम में फूंकी गाड़ियां... LPU में हिंसक प्रदर्शन की पूरी टाइमलाइन
जानें क्या लिखा है आदेश में:
प्रिय छात्रों,
सभी छात्रों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए सूचित किया जाता है:
28 सितंबर 2026 (सोमवार) से 10 दिनों की अवधि के लिए नियमित कक्षाएं निलंबित रहेंगी।
मिड-टर्म परीक्षाएं अगली सूचना तक स्थगित की जाती हैं। संशोधित परीक्षा कार्यक्रम यूएमएस (UMS) के माध्यम से अलग से भेजा जाएगा।
यदि छात्र चाहें, तो इस 10 दिनों की अवधि के दौरान अपने माता-पिता/अभिभावकों से परामर्श करके अपने गृहनगर जा सकते हैं।
जो छात्र यहीं रुकते हैं, उन्हें अपनी सुरक्षा के हित में अपने हॉस्टल/निवास स्थान के भीतर रहने और अनावश्यक आवाजाही या किसी भी अशांति गतिविधि में शामिल होने से बचने की सलाह दी जाती है।
छात्रों से अनुरोध है कि वे शांत रहें, आधिकारिक निर्देशों का पालन करें और आगे की सभी अपडेट के लिए यूएमएस (UMS) के माध्यम से जुड़े रहें।
अफावाहों पर ध्यान न देने की अपील
प्रबंधन ने सभी छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति बनाए रखें और किसी भी नए अपडेट अथवा परीक्षा से जुड़ी जानकारी के लिए आधिकारिक यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट सिस्टम (यूएमएस) से लगातार जुड़े रहें। स्थगित की गई परीक्षाओं की नई तिथियों की घोषणा आने वाले समय में स्थिति सामान्य होने पर अलग से आधिकारिक पोर्टल के जरिए साझा की जाएगी।
मैनेजमेंट की तरफ से जारी आदेश:

यह भी पढ़ें- LPU Protest: पुलिस को CCTV फुटेज में क्या मिला और क्या बोलीं रूममेट्स? प्रदर्शनकारी छात्रों ने उठाए 4 गंभीर सवाल
