विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

LPU हिंसा में मुंह बांधकर आए बाहरी तत्वों ने रचा षड्यंत्र, घटना के बाद पहली बार खुलकर बोले VC अशोक मित्तल

Published: Wed, 30 Sep 2026 04:34 PM (GMT+05:30)

LPU के कुलपति डॉ. अशोक मित्तल ने परिसर में हुई हिंसा को सोची-समझी साजिश बताया है। उन्होंने दावा किया कि ...और पढ़ें

HighLights

  1. LPU कुलपति अशोक मित्तल ने हिंसा को साजिश बताया।

  2. बाहरी तत्वों ने मुंह बांधकर की तोड़फोड़, आगजनी।

  3. पंजाब की शांति और अर्थव्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश।

जागरण संवाददाता, जालंधर। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) परिसर में हुई तोड़फोड़ और आगजनी की घटना के बाद विश्वविद्यालय के कुलपति और राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक मित्तल का पहला आधिकारिक बयान सामने आया है। उन्होंने इस पूरी घटना को एक बड़ी और सोची-समझी साजिश का हिस्सा करार दिया है।

डॉ. मित्तल ने स्पष्ट कहा कि परिसर में हुआ बवाल किसी छात्र असंतोष का नतीजा नहीं, बल्कि पंजाब के शांत माहौल और भाईचारे को बिगाड़ने की नीयत से रचा गया षड्यंत्र है। यूनिवर्सिटी परिसर में हुई तोड़फोड़ और उपद्रव पर चिंता व्यक्त करते हुए अशोक मित्तल ने कहा कि घटना के दौरान जो भी हिंसा और आगजनी हुई, उसके पीछे पूरी तरह से बाहरी लोग जिम्मेदार थे।

कुछ उपद्रवी चेहरे पर कपड़ा लपेटकर यूनिवर्सिटी के अंदर दाखिल हुए और उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से माहौल को खराब किया। उन्होंने साफ किया कि यूनिवर्सिटी के छात्र इस तरह की हिंसक गतिविधियों में शामिल नहीं हो सकते, बल्कि उन्हें ढाल बनाकर बाहर से आए असामाजिक तत्वों ने इस पूरी वारदात को अंजाम दिया है।

यह भी पढ़ें- 'पंजाब में 31 दिसंबर 2029 के बाद नहीं मिलेगा चिट्टा', जालंधर में नशे के खिलाफ अमित शाह की हुंकार

पंजाब की अर्थव्यवस्था को चोट पहुंचाने का प्रयास

डॉ. अशोक मित्तल ने इस घटना को केवल एक शैक्षणिक संस्थान तक सीमित मानने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि यह केवल लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी पर हमला नहीं है, बल्कि पूरे पंजाब राज्य की छवि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धूमिल करने की साजिश है।

इस प्रकार की घटनाओं से राज्य में शिक्षा का माहौल प्रभावित होता है और पंजाब को भारी आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ता है। बाहरी राज्यों और देशों से आने वाले छात्रों के बीच राज्य की सुरक्षित छवि को आघात पहुंचता है।

यह भी पढ़ें- LPU और चितकारा कैंपस में हिंसा की चिंगारी से करोड़ों के करियर पैकेज पर संकट, प्लेसमेंट सीजन से पहले बढ़ी चिंता

छात्रों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता

कुलपति ने भावुक होते हुए कहा कि लवली यूनिवर्सिटी एक छोटा विषय हो सकता है, लेकिन पंजाब की शांति, सद्भाव और भाईचारे पर हमला किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संस्थान में पढ़ रहे हर छात्र की सुरक्षा की जिम्मेदारी यूनिवर्सिटी प्रशासन की है और इसके लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने आश्वासन दिया कि इस पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच की जा रही है और बहुत जल्द वह पूरे सबूतों व तथ्यों के साथ जनता के सामने आकर पूरी सच्चाई उजागर करेंगे।

यह भी पढ़ें- 'दुष्कर्म की खबर अफवाह या सच?', LPU कैंपस में हिंसा और आगजनी पर HC सख्त; पंजाब पुलिस से मांगी स्टेटस रिपोर्ट