PS5, महंगे लैपटॉप और गैजेट्स गायब, LPU के मॉल में लूटपाट का Video; दुकानों में आईफोन ढूंढते नजर आए उपद्रवी
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में कथित दुष्कर्म मामले को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान उपद्रवियों ने मॉल में तोड़फोड़ और लूटपाट की।
HighLights
LPU में कथित दुष्कर्म मामले पर छात्रों का प्रदर्शन
यूनिवर्सिटी मॉल में तोड़फोड़, आगजनी और लूटपाट हुई
PS5, लैपटॉप सहित कई महंगे गैजेट्स चोरी हुए
डिजिटल डेस्क, लुधियाना। पंजाब के कपूरथला के अंतर्गत लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) इन दिनों सुर्खियों में है। कथित तौर पर छात्रा से दुष्कर्म मामले में शनिवार देर रात को भड़की हिंसा के बाद उपद्रवियों ने न केवल आगजनी और तोड़फोड़ को अंजाम दिया बल्कि, इस बीच उन्होंने एलपीयू में बने मॉल और दुकानों में लूटपाट भी की।
सोशल मीडिया पर लूटपाट से जुड़ी घटना के काफी वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसके बाद इंटरनेट मीडिया पर बहस छिड़ गई है कि प्रदर्शन की आड़ में लूट करना क्या छात्रों के काम हैं? जहां एक ओर कुछ यूजर्स छात्रों पर आरोप मड़ रहे हैं। वहीं कुछ यूजर्स ने यह काम आउटसाइडर्स का बताया है।
कहां-कहां हुई लूटपाट?
इन वीडियो में उपद्रवी और छात्र कैंपस के अंदर बने हुए यूनि-मॉल की दुकानों में घुसकर इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम, जूते और खाने-पीने का सामान चोरी करते नजर आ रहे हैं। पीएस-5 से लेकर महंगे लैपटॉप और इलेक्ट्राॉनिक गैजेटस पर भी प्रदर्शनकारियों ने हाथ साफ किया। सोशल मीडिया पर वायरल इन वीडियो के शोर में आवाजें आ रही हैं।
फ्री में शॉपिंग डन... शॉपिंग डन, क्या चाहिए फटाफट ऑर्डर करो, अभी मिलेगा। इस बीच वीडियो में कुछ लोग बेफिक्री से जूतों की दुकानों में अपने साइज का जूता तक ढूंढते नजर आए। एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में प्रदर्शनकारी कहते नजर आया- भैया, आपने आई-फोन 14 देखा क्या?
क्या है मामला?
शनिवार देर रात को यह विरोध-प्रदर्शन कैंपस के अंदर यूनिवर्सिटी की एक छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म के मामले को लेकर हुआ था। जालंधर के SSP हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि घटना के दौरान पुलिसकर्मी घायल हुए और पुलिस की गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। विर्क ने कहा कि कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है।
पुलिस के मुताबिक, घटना की सच्चाई का पता लगाने के लिए जांच चल रही है। पुलिस अधिकारियों ने अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं की है कि यूनिवर्सिटी कैंपस के अंदर किसी छात्रा के साथ रेप हुआ था या नहीं। आरोपी की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। फिलहाल कई अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और जांच जारी है।
वहीं, समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए LPU के डीन सौरव लखनपाल ने कहा कि यूनिवर्सिटी ने छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से लिया है और उन्हें CCTV फुटेज देखने और उनके द्वारा पहचाने गए कमरे में जाने की इजाजत दी गई है।
लखनपाल ने कहा कि जब छात्रों ने यह मामला हमारे ध्यान में लाया, तो हमने तय किया कि इसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए।" उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी ने छात्रों को बार-बार अपना समर्थन देने का भरोसा दिलाया और उनसे औपचारिक शिकायत दर्ज कराने का आग्रह किया
साजिशकर्ताओं को नहीं बख्शेंगे: शिक्षा मंत्री
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि पंजाब देश का प्रमुख शैक्षणिक केंद्र है, जहां देश-विदेश से स्टूडेंट्स पढ़ने आते हैं। निजी यूनिवर्सिटी में भय और अराजकता का माहौल पैदा करने की कोशिश बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि यदि यह साजिश है तो साजिशकर्ताओं को भी बख्शा नहीं जाएगा।- हरजोत सिंह बैंस, शिक्षा मंत्री
यह भी पढ़ें- LPU में 5 दिन पहले ही रची गई थी बवाल की साजिश, गर्ल्स हॉस्टल से वायरल हुई थी Reddit पर फर्जी पोस्ट
यह भी पढ़ें- LPU हिंसा में बाहरी गुंडों का हाथ? कैंपस में संदिग्ध जिप्सी का VIDEO वायरल; SIT करेगी जांच
