विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पहले टेका माथा, फिर पेचकस से खोली तिजोरी; जालंधर में चोर की अजीबोगरीब करतूत CCTV में कैद

Published: Tue, 13 Oct 2026 11:37 AM (IST)

जालंधर के माई हीरां गेट मार्केट स्थित किरण बुक शॉप में चोरी की वारदात हुई, जहां चोर ने पहले तिजोरी ...और पढ़ें

फोटो क्रेडिट: AI

फोटो क्रेडिट: AI

HighLights

  1. किरण बुक शॉप में चोरी की वारदात

  2. चोर ने तिजोरी को पहले माथा टेका

  3. पेचकस से 5000 रुपये की नकदी चुराई

जागरण संवाददाता, जालंधर। माई हीरां गेट मार्केट में चोरी की वारदातें रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। चोरों ने एक बार फिर मार्केट की दुकान को निशाना बनाकर किरण बुक शाप की तिजोरी से पांच हजार रुपये की नकदी चुरा ली।

हैरानी की बात यह है कि मार्केट में चोरी की यह तीसरी वारदात बताई जा रही है, लेकिन पुलिस अभी तक पिछली घटनाओं को ट्रेस नहीं कर पाई है। ताजा घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

फुटेज में चोर पहले तिजोरी के सामने माथा टेकता है और फिर पेचकस से उसे खोलकर नकदी निकाल लेता है।

काउंटर से कूदकर तिजोरी तक पहुंचा चोर

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, चोर दुकान के काउंटर से कूदकर अंदर दाखिल हुआ और सीधे तिजोरी के पास पहुंच गया। उसने पहले तिजोरी को माथा टेका और इसके बाद पेचकस की मदद से उसे खोलने लगा।

तिजोरी खुलने पर उसने उसमें रखे पांच हजार रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गया। चोर ने तिजोरी में रखे सिक्कों को हाथ तक नहीं लगाया।

फोन आया तो दुकान पर पहुंचे मालिक

दुकान मालिक साहिल आनंद ने बताया कि उन्हें फोन पर सूचना मिली थी कि दुकान का शटर खुला हुआ है। इसके बाद वह एक कर्मचारी के साथ दुकान पर पहुंचे। अंदर जाकर तिजोरी की जांच की तो पांच हजार रुपये गायब मिले। सीसीटीवी फुटेज देखने पर चोरी का पता चला।

पहले भी दुकानों को बना चुके हैं निशाना

जानकारी के मुताबिक इससे पहले मार्केट में आटे की चक्की और चार अन्य दुकानों में चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। अब उनकी दुकान को निशाना बनाया गया है। लगातार हो रही घटनाओं से दुकानदारों में चिंता है।

उन्होंने कहा कि अगर इसी तरह चोरी की वारदातें होती रहीं तो दुकानदारों को अपनी सुरक्षा के लिए खुद इंतजाम करने पड़ेंगे। मार्केट एसोसिएशन को सामूहिक रूप से सुरक्षा गार्ड तैनात करने या प्रत्येक दुकानदार को अपनी दुकान के बाहर सुरक्षा व्यवस्था करने पर विचार करना चाहिए।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की।

यह भी पढ़ें- पंजाब की मंडी से जब्त धान से भरी ट्रैक्टर-ट्राली गायब, हरियाणा के व्यक्ति पर केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस