पंजाब की मंडी से जब्त धान से भरी ट्रैक्टर-ट्राली गायब, हरियाणा के व्यक्ति पर केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
पटियाला में हरियाणा से लाए गए धान से भरी जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिस चौकी के पास से गायब हो गई। पुलिस ...और पढ़ें
-1791853803748_m.webp)
पंजाब की मंडी से जब्त धान से भरी ट्रैक्टर-ट्राली गायब। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, पटियाला। हरियाणा से धान लाकर पंजाब की मंडियों में बेचने की कोशिश के मामले में जब्त ट्रैक्टर-ट्राली को पुलिस चौकी के पास से ले जाने के आरोप में थाना सदर पटियाला पुलिस ने गुरविंदर सिंह निवासी गांव घमेड़ी, थाना सदर चीका, जिला कैथल, हरियाणा के खिलाफ केस दर्ज किया है।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने धान खरीद सीजन के दौरान दूसरे राज्यों से सस्ते दाम पर धान लाकर पंजाब की मंडियों में बेचने की आशंका के मद्देनजर निगरानी अभियान चलाया था। इसी दौरान सनौर के सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने धान से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पकड़ी थी।
वाहन को बल्बेड़ा अनाज मंडी में पुलिस चौकी के नजदीक खड़ा करवाया गया और उसकी चाबियां चौकी में जमा कराई गईं। विभाग की शिकायत के अनुसार नौ अक्टूबर की शाम जब्त ट्रैक्टर-ट्राली मौके से गायब मिली। आरोप है कि गुरविंदर सिंह पुलिस को सूचना दिए बिना वाहन को वहां से ले गया।
ट्रैक्टर-ट्राली की बरामदगी के प्रयास शुरू
यह भी आशंका जताई गई है कि उसने किसी अन्य चाबी या दूसरे तरीके से वाहन स्टार्ट किया। पुलिस ने शिकायत के बाद मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश और ट्रैक्टर-ट्राली की बरामदगी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
दूसरे राज्यों से धान लाकर पंजाब की मंडियों में बेचने का मामला धान खरीद व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण है। विभाग ऐसे मामलों पर नजर रख रहा है, ताकि पंजाब की मंडियों में बाहर से अवैध रूप से लाए गए धान की बिक्री रोकी जा सके।
पुलिस और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की जांच में यह पता लगाया जाएगा कि धान कहां से लाया गया था और उसे पंजाब की मंडी में बेचने की क्या योजना थी।
