विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजस्थान में रेलवे ट्रैक उड़ाने की साजिश मामले में बड़ा एक्शन, पाकिस्तान कनेक्शन वाले दो आरोपी पंजाब से गिरफ्तार

Published: Sun, 15 Nov 2026 11:45 AM (GMT+05:30)

राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट मामले में पंजाब के गुरदासपुर से दो आरोपी गिरफ्तार किए गए ...और पढ़ें

आरोपी देवेंद्र सिंह और महकदीप कौर (फाइल फोटो)

आरोपी देवेंद्र सिंह और महकदीप कौर (फाइल फोटो)

HighLights

  1. राजस्थान रेलवे ट्रैक विस्फोट मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

  2. गुरदासपुर से देवेंद्र सिंह और महकदीप कौर पकड़े गए

  3. आरोपियों से हथियार बरामद, पाकिस्तान कनेक्शन सामने आया

जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। राजस्थान के श्रीगंगानगर के रामसिंहपुर में 50 जीबी के पास रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है।

रविवार को राजस्थान और पंजाब पुलिस के संयुक्त अभियान में पंजाब के गुरदासपुर के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपियों की पहचान देवेंद्र सिंह और महकदीप कौर के रूप में हुई है। इनके अन्य साथियों को भी हिरासत में लिया गया है और मामले की आगे की जांच चल रही है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने उनके पास से दो पिस्तौल और करीब 40 कारतूस बरामद करने का दावा किया है। मिली जानकारी के मुताबिक,  गत 3 नवंबर को राजस्थान के श्रीगंगानगर क्षेत्र में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे मार्ग पर गांव 50 जीबी के निकट रेलवे ट्रैक पर बम धमाका हुआ था।

gurdaspur_news

कलानौर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

इस मामले की जांच के दौरान राजस्थान पुलिस को पंजाब के सीमावर्ती गांवों से जुड़े कुछ संदिग्धों के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद राजस्थान से आई पुलिस टीम ने गुरदासपुर जिले के थाना कलानौर के अंतर्गत पुलिस चौकी दोस्तपुर की पुलिस के सहयोग से गांव दोस्तपुर निवासी महकप्रीत कौर (24) पुत्री तरलोक सिंह और नजदीकी सीमावर्ती गांव चौड़ां कलां निवासी दविंदर सिंह पुत्र रविंदर सिंह को हिरासत में लिया।

बताया जा रहा है कि राजस्थान से पहुंचे आईपीएस अधिकारी दिनेश एनएम, एडीजीपी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी नितिन चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

इस दौरान स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए युवक और युवती के कब्जे से एक बेरेटा 9 एमएम पिस्तौल और एक 30 बोर पिस्तौल के अलावा करीब 40 कारतूस बरामद किए गए हैं।फिलहाल रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके में दोनों की कथित भूमिका और बरामद हथियारों के संबंध में पुलिस जांच कर रही है।

दो बार विस्फोट की कोशिश हुई थी विफल

एसएसपी गुरदासपुर आदित्य ने बताया कि दोनों आरोपित तीन बार राजस्थान गए थे। पहली बार उन्हें सामान नहीं मिला, जबकि दूसरी बार वे ब्लास्ट नहीं कर पाए थे।

पुलिस ने बारीकी से जांच के बाद इन्हें पकड़ा है। एसएसपी ने बताया कि तीसरी बार ब्लास्ट हुआ। उक्त युवती को पाकिस्तान में रहने वाले शाह नामक व्यक्ति ने एक लाख रुपए दिए थे।

इसमें से 30 हजार रुपए रिकवर कर लिए गए हैं। इस संबंध में लगातार पुलिस जिला गुरदासपुर जांच कर रही थी। पुख्ता सुराग मिलने के बाद जानकारी राजस्थान पुलिस के साथ साझा की गई, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों से पिस्टल और 40 कारतूस बरामद किए गए हैं। मामले की आगे जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- राजस्थान: श्रीगंगानगर में रेल को बम से उड़ाने की साजिश नाकाम, पैसेंजर ट्रेन गुजरने के बाद ट्रैक पर धमाका

 

 

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।