विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब में धमकियों की लड़ी जारी, गुरदासपुर, मुक्तसर व फाजिल्का डीसी ऑफिस को मिली, श्री हरिमंदिर साहिब को भी आ चुकी ऐसी ईमेल

Published: Fri, 16 Jan 2026 11:21 AM (IST)

पंजाब में बम धमकियों का सिलसिला जारी है। हाल ही में गुरदासपुर, फाजिल्का और मुक्तसर साहिब के डीसी कार्यालयों को ...और पढ़ें

HighLights

  1. गुरदासपुर-मुक्तसर डीसी कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी।

  2. आईएसकेपी से मिली धमकी, पंजाब में सुरक्षा हाई अलर्ट पर।

  3. पहले भी कई बम धमकियां फर्जी साबित हुई हैं।

जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। पंजाब में बम धमकी भरी ईमेल का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन आईएस-खोरासान प्रांत (आईएसकेपी) की ओर से अब गुरदासपुर और मुक्तसर साहिब के बाद फाजिल्का के डीसी कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल भेजा गया है, जिसके बाद पूरे जिले में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

धमकी मिलने के बाद पुलिस, इंटेलिजेंस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारी ईमेल के स्रोत और तकनीकी ट्रेल को खंगाल रहे हैं। हालांकि ईमेल की प्रामाणिकता को लेकर पुष्टि जारी है, लेकिन इसे गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है।

गुरदासपुर प्रशासन ने तुरंत परिसर की सुरक्षा बढ़ाते हुए प्रवेश और निकास द्वारों पर निगरानी दोगुनी कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हर तरह की धमकी को सुरक्षा मानकों के तहत जांचना आवश्यक है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।

यह भी पढ़ें- लगातार प्लास्टिक और कचरा खा रही थीं गायें, सांस की नली में थी दिक्कत, दम घुटने से हुई मौत, प्रारंभिक जांच में खुलासा

WhatsApp Image 2026-01-16 at 12.23.49 PM

सुबह 9.30 बजे ईमेल का पता चला

मुक्तसर के डीसी आफिस को खाली करा लिया गया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस खोजी कुत्तों की मदद से किसी तरह के संभावित बम की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक सुबह करीब साढ़े 9 बजे इस मेल का पता चला। इससे पहले अमृतसर, जालंधर और पटियाला के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है।

इसके बाद लुधियाना समेत कई जगहों पर कोर्ट काम्प्लेक्स उड़ाने की भी धमकी मिली थी। हालांकि सर्च में किसी तरह का कोई बम नहीं मिला था।

यह भी पढ़ें- सुखबीर बादल के पूर्व OSD चरणजीत बराड़ आज थामेंगे 'कमल', हरियाणा सीएम नायब सैनी भी रहेंगे मौजूद

तीन बम  रखने की बात कही गई

एसपी गुरविंदर सिंह ने बताया कि डीसी कार्यालय की आफिशियल मेल पर एक मेल आई है। जिसमें तीन बम कंप्लेक्स में रखने की बात कही गई है। जिसके बाद एसएसपी गुरदासपुर आदित्या के निर्देशों पर पूरी जांच की गई है, लेकिन फिलहाल अभी तक ऐसा कुछ बरामद नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि पुलिस की स्टेट साइबर सैल की टीमें जांच कर रही हैं। कंप्लेक्स में भी अभी जांच जारी है और सबकुछ शांतमय चल रहा है

6

एसएसपी बोले- घबराने की जरूरत नहीं

एसएसपी गुरमीत सिंह ने बताया कि मेल को गंभीरता से लेते हुए सभी एसओपी के अनुसार कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है। सर्च पूरी तरह से हो चुकी है और सब कुछ सामान्य है। एसएसपी ने कहा कि लोग किसी भी अफवाह में न आएं। उन्होंने बताया कि ऐसी धमकी भरी मेल्स हाल के दिनों में पंजाब के कई जिलों को भेजी गई हैं, जिनमें से किसी में भी कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया। बावजूद इसके फाजिल्का पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और डिजिटल निगरानी को और सख्त कर दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और जांच एजेंसियां मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई।

श्री हरिमंदिर साहिब को भी ऐसी ही ईमेल मिलीं थी

यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले श्री हरिमंदिर साहिब को बीते साल बम से उड़ाने की धमकियां मिली थी। ये एक ईमेल नहीं थी, कई ईमेल थी, जो लगातार श्री हरिमंदिर साहिब प्रबंधकों को भेजी गई थी। उन ईमेल्स में भी तमिलनाडू व डीएमके का जिक्र किया गया था। पुलिस ने लंबी जांच के बाद एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, लेकिन कुछ भी पुख्ता हाथ ना लगने के कारण किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी।

दो दिन पहले लुधियाना और मोगा में अलर्ट

इससे पहले 13 जनवरी 2026 को लुधियाना और मोगा के कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इतना ही नहीं, अमृतसर के भी दो स्कूलों को बम की धमकी से जुड़े ईमेल मिले थे। दोनों स्थानों को तुरंत खाली कराया गया और बम डिस्पोजल स्क्वायड व डॉग स्क्वायड ने कई घंटों तक तलाशी की। हालांकि ये धमकियां नकली साबित हुईं, परंतु कोर्ट का कामकाज गंभीर रूप से प्रभावित रहा और लोगों में डर का माहौल देखने को मिला।

उससे पहले जनवरी 2026 की शुरुआत में रोपड़, आनंदपुर साहिब, फिरोजपुर, मानसा और मोगा अदालतों को भी इसी तरह की धमकियां मिली थीं, जो बाद में hoax निकलीं। दिसंबर 2025 में अमृतसर के 15 स्कूलों को धमकी ईमेल भेजे गए थे, जिसके बाद सभी स्कूलों को खाली कर तलाशी ली गई थी।

जानें आईएसकेपी के बारे में

आईएसकेपी पाकिस्तान-अफगानिस्तान क्षेत्र में सक्रिय इस्लामिक स्टेट का सहयोगी गुट है, जो समय-समय पर भारत के विभिन्न शहरों को निशाना बनाने की धमकी देता रहा है। पंजाब में बार-बार हो रही बम धमकी ईमेल की घटनाओं से पुलिस और खुफिया एजेंसियों में गहरी चिंता बनी हुई है।

यह भी पढ़ें- सुखबीर बादल के पूर्व OSD चरणजीत बराड़ आज थामेंगे 'कमल', हरियाणा सीएम नायब सैनी भी रहेंगे मौजूद