नशे के लिए पति ने पार की हैवानियत की हदें! बटाला में पैसों के लिए पत्नी और बेटी को उतारा मौत के घाट, आरोपी फरार
बटाला की फ्रेंड कॉलोनी में मां-बेटी के खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने पति पर ...और पढ़ें
HighLights
नशे की लत में पति ने पत्नी-बेटी की हत्या की।
बटाला के फ्रेंड्स कॉलोनी में हुई खौफनाक वारदात।
आरोपी जसविंदर मसीह वारदात के बाद से फरार है।
जागरण संवाददाता, बटाला। पंजाब के बटाला स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी में शनिवार को नशे की खौफनाक लत ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया। नशा करने से रोकने और नशे के लिए पैसे न देने पर एक सिरफिरे व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी और 12 वर्षीय मासूम बेटी की तेजधार हथियार से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर के बाहर ताला लगाकर मौके से फरार हो गया।
इस दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में भारी दहशत का माहौल बन गया। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय बबली और उसकी 12 वर्षीय पुत्री तमन्ना के रूप में हुई है। तमन्ना सातवीं कक्षा में पढ़ाई करती थी। मृतका के भाई शेरा और विजय ने बताया कि उनका जीजा जसविंदर मसीह कोई काम-धंधा नहीं करता था और पूरी तरह से नशे का आदी था। करीब एक साल पहले ही वे फ्रेंड्स कॉलोनी में किराए के मकान में रहने आए थे।
आरोपी नशे की पूर्ति के लिए आए दिन बबली से मारपीट कर पैसे छीन लेता था, जबकि बबली मोहल्ले के लोगों के घरों में काम करके अपनी बेटी की पढ़ाई-लिखाई और घर का खर्चा चला रही थी।
यह भी पढ़ें- पंजाब में अकाली महिला सरपंच के पति की हत्या, SAD बोली- 'नेताओं को बनाया जा रहा निशाना'
नशा करने से रोकने पर होता था कलेश
परिजनों के मुताबिक, बबली और तमन्ना अक्सर जसविंदर को नशा करने से रोकती थीं, जिस वजह से घर में रोज ही कलेश रहता था। शुक्रवार को भी जसविंदर और बेटी तमन्ना के बीच काफी कहासुनी हुई थी, जिसकी जानकारी तमन्ना ने फोन पर अपने मायके वालों को दी थी। शनिवार की सुबह जब परिजनों ने बबली को फोन किया तो कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर मायके वाले मौके पर पहुंचे, तो घर के मुख्य द्वार पर ताला लटका मिला।
शक होने पर जब परिजनों ने ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हुए तो उनके होश उड़ गए। कमरे के अंदर बबली और तमन्ना के शव खून से लथपथ पड़े हुए थे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
यह भी पढ़ें- 'स्टूडेंट वीजा पर रहकर गुंडागर्दी करने वालों को डिपोर्ट करो!' कनाडाई MP ने जारी किया लॉरेंस गैंग की फायरिंग का वीडियो
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
वारदात की खबर मिलते ही डीएसपी सिटी सुखइंद्र सिंह पुलिस बल और सिविल लाइन थाने की पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयानों के आधार पर आरोपी जसविंदर मसीह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस की कई टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
