'हॉस्टल में भटकती है लड़की की आत्मा', 'भूत' वाला वीडियो वायरल! पटियाला की यूनिवर्सिटी में आधी रात को बवाल
पटियाला की एक निजी यूनिवर्सिटी में 'भूत' का वीडियो वायरल होने के बाद छात्रों ने आधी रात को जमकर बवाल किया, जिससे पुलिस से झड़प हो गई।

पटियाला की प्राइवेट यूनिवर्सिटी में आधी रात भारी बवाल।
HighLights
'भूत' का वीडियो वायरल होने पर छात्रों ने किया प्रदर्शन
प्रदर्शनकारी छात्रों की पुलिस बल से हुई झड़प, गाड़ी तोड़ी
निष्पक्ष जांच के आश्वासन पर छात्र शांत हुए, स्थिति नियंत्रण में
गुरप्रीत धीमान, पटियाला। पंजाब के पटियाला (बनूड़) स्थित एक नामी प्राइवेट यूनिवर्सिटी में 25 सितंबर की मध्य रात्रि उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब कैंपस में 'भूत' होने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद देर रात सैकड़ों छात्र सड़कों पर उतर आए और यूनिवर्सिटी कैंपस में तोड़फोड़ करते हुए उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का दावा था कि कैंपस में पूर्व में एक छात्रा ने कथित तौर पर आत्महत्या की थी, जिसकी आत्मा हास्टल में रहने वाले छात्रों को परेशान कर रही है।
हालांकि, मौके पर पहुंचे सुरक्षा कर्मियों और विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने छात्रों को समझाने की कोशिश की कि परिसर में ऐसी कोई खुदकुशी की घटना नहीं हुई है।
अधिकारियों ने कहा शरारती तत्वों का है ये काम
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कुछ शरारती तत्व जानबूझकर दूसरे कमरों के दरवाजे खटखटाकर भाग जाते हैं। इसके बावजूद छात्र शांत होने को तैयार नहीं हुए और विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ लगातार नारेबाजी करते रहे।
हालात बिगड़ते देख थाना बनूड़, थाना सदर राजपुरा और थाना सिटी राजपुरा की पुलिस टीमें तुरंत भारी संख्या में मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने जब आक्रोशित छात्रों को रोकने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, तो छात्रों की पुलिस बल के साथ झड़प हो गई।
इस दौरान छात्रों ने पुलिस की एक सरकारी गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की।
छात्रों का आरोप नशे में थे चौकी इंचार्ज
हंगामे के बीच छात्रों ने केएसएम चौकी (सिटी राजपुरा) के इंचार्ज अजय कुमार के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की। छात्रों ने आरोप लगाया कि चौकी इंचार्ज नशे की हालत में ड्यूटी पर आए थे। इसके बाद यूनिवर्सिटी की ही लैब में उनका तुरंत मेडिकल परीक्षण कराया गया।
अंततः पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन ने संयुक्त रूप से छात्रों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। अधिकारियों ने कहा कि रात में दरवाजे खटखटाने और अफवाह फैलाने की पूरी घटना की सीसीटीवी कैमरों से गहन पड़ताल की जाएगी और जो भी शरारती तत्व दोषी पाया गया, उसके खिलाफ सख्त कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई होगी।
इस आश्वासन के बाद छात्र शांत हुए और अपने-अपने हास्टलों में वापस लौटे। वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
यह भी पढ़ें- पंजाब में अकाली महिला सरपंच के पति की हत्या, SAD बोली- 'नेताओं को बनाया जा रहा निशाना'
