खेत में ट्रैक्टर बना मौत का कारण, फतेहगढ़ साहिब में खेत में काम कर रहा युवक कुचला गया; इलाज के दौरान दम तोड़ा
फतेहगढ़ साहिब के गांव भामियां में ट्रैक्टर के नीचे आने से 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक अपने ...और पढ़ें

मृतक नवप्रीत सिंह की फाइल फोटो।
HighLights
26 वर्षीय नवप्रीत सिंह की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत।
खेत में काम करते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित हुआ।
इकलौता बेटा होने से परिवार पर दुखों का पहाड़।
जागरण संवाददाता, फतेहगढ़ साहिब। पंजाब में फतेहगढ़ साहिब के हल्का बस्सी पठाना के अंतर्गत गांव भामियां में एक बेहद दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। यहां अपने ही खेत में काम कर रहे एक 26 वर्षीय युवक की ट्रैक्टर के नीचे आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान नवप्रीत सिंह पुत्र चरणजीत सिंह के रूप में हुई है, जो अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
परिवार के अनुसार, नवप्रीत सिंह शनिवार को अपने खेत में तूड़ी बनाने का काम कर रहा था। इसी दौरान वह ट्रैक्टर लेकर खेत में पहुंचा। बताया जा रहा है कि खेत की मेड़ ऊंची होने के कारण ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया। नवप्रीत का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़ा। गिरते ही वह ट्रैक्टर के भारी टायर के नीचे आ गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
यह भी पढ़ें- पठानकोट में अनियंत्रित ट्रक ने मचाया कहर, चार दुकानें और दो कारें क्षतिग्रस्त; ड्राइवर गिरफ्तार
लोगों ने घायल अवस्था में पहुंचाया अस्पताल
हादसे के समय पास ही अन्य मजदूर तूड़ी की मशीन चला रहे थे। जैसे ही उन्हें घटना का पता चला, उन्होंने तुरंत नवप्रीत को बाहर निकाला और गंभीर हालत में खन्ना के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को नाजुक देखते हुए उसे लुधियाना के अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया।
यह भी पढ़ें- लिवर बीमारियों को लगातार बढ़ता जा रहा खतरा, 2050 तक 42% तक उछाल का अनुमान
परिवार ने अकेला बेटा खोया
परिजन उसे तुरंत लुधियाना ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में भी शोक की लहर फैल गई और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।
ग्रामीणों के अनुसार नवप्रीत मेहनती और मिलनसार युवक था। उसकी अचानक हुई मौत से गांव के लोग भी गहरे सदमे में हैं। सबसे ज्यादा दुखद पहलू यह है कि वह अपने माता-पिता का इकलौता सहारा था।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। परिवार ने सरकार से सहायता और मुआवजे की मांग की है।
यह भी पढ़ें- बठिंडा-बरनाला रोड पर खेत में सड़ी-गली लाश मिली, दो दिन पुराना शव, पहचान न होने से उलझी गुत्थी
