मंडी गोबिंदगढ़ में पुलिस हिरासत से फरार आरोपी चोर 24 घंटे में दबोचा, लापरवाही पर ASI निलंबित
मंडी गोबिंदगढ़ में चोरी का आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। पुलिस ने उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। लापरवाही पर एएसआई जगरूप सिंह को निलंबित किया गया।

डीएसपी बिक्रमजीत सिंह जानकारी देते हुए।
HighLights
चोरी का आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हुआ।
फरार आरोपी पवन कुमार 24 घंटे में गिरफ्तार।
लापरवाही के आरोप में ASI जगरूप सिंह निलंबित।
जागरण संवाददाता, फतेहगढ़ साहिब। फतेहगढ़ साहिब के मंडी गोबिंदगढ़ में चोरी के आरोप में पकड़े गए एक व्यक्ति के पुलिस हिरासत से फरार होने के मामले में विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने फरार आरोपित को दोबारा 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में ASI जगरूप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
मामला मंडी गोबिंदगढ़ के मोहल्ला शाम नगर का है। पुलिस के अनुसार विकास नगर निवासी पवन कुमार को मोहल्ला शाम नगर स्थित एक घर में चोरी करते हुए स्थानीय लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया था। इसके बाद लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपित को थाने लेकर पहुंची, लेकिन इसी दौरान वह पुलिस को चकमा देकर हिरासत से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें- कपूरथला में भद्रकाली मंदिर के बाहर गरीब महिला को चप्पल से पीटा, वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने लिया सुओ-मोटो
लापरवाही पर हुई कार्रवाई
आरोपित के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी। इसके साथ ही हिरासत से भागने के संबंध में आरोपित के खिलाफ अलग से मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए पवन कुमार को दोबारा गिरफ्तार कर लिया।
डीएसपी अमलोह बिक्रमजीत सिंह ने बताया कि आरोपित के पुलिस हिरासत से फरार होने के मामले को गंभीरता से लिया गया है। ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने के आरोप में एएसआई जगरूप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें- लॉ ग्रेजुएट है सुखबीर बादल पर हमले का आरोपी, पुणे में चलाता था स्नैक्स सेंटर; पुलिस ने बताई पूरी कहानी
पुलिस ने घटना की जांच की शुरू
उन्होंने बताया कि निलंबन के साथ ही एएसआई के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है कि हिरासत में रखे गए आरोपित की निगरानी में किस स्तर पर चूक हुई।
पुलिस का कहना है कि चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ जारी है। वहीं, हिरासत से फरार होने की घटना को लेकर भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की जांच जारी है।
