फरीदकोट में मोबाइल चोरी के शक में युवक को घर ले जाकर पीटा, छह दिन बाद मौत; चार पर हत्या का केस
फरीदकोट में मोबाइल चोरी के शक में युवक को घर ले जाकर पीटने का आरोप है। छह दिन बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने चार पर केस दर्ज किया।

शव को पोस्टमार्टम के लिए लेकर पहुंची पुलिस व परिवार।
HighLights
फरीदकोट में मोबाइल चोरी के शक में युवक को पीटा गया।
गंभीर घायल हरप्रीत सिंह ने छह दिन बाद दम तोड़ा।
पुलिस ने चार आरोपियों पर मामला दर्ज कर एक को पकड़ा।
जागरण संवाददाता, फरीदकोट। मोबाइल फोन चोरी के संदेह में 21 वर्षीय युवक को घर ले जाकर कथित तौर पर बंधक बनाकर पीटने के बाद उसकी मौत का मामला सामने आया है। फरीदकोट की बाजीगर बस्ती में हुई इस घटना में गंभीर रूप से घायल हरप्रीत सिंह ने करीब छह दिन तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझने के बाद दम तोड़ दिया।
पुलिस ने मृतक की मां की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें से एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस को दी शिकायत में मृतक की मां मीना कौर ने आरोप लगाया कि चार सितंबर की सुबह करीब चार बजे बलविंदर सिंह, उसका बेटा वरिंदर सिंह, अतिंदर सिंह उर्फ गगन और अजय सिंह उर्फ भजन कथित तौर पर हरप्रीत को अपने घर ले गए।
आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद हरप्रीत को बांध दिया गया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई।
यह भी पढ़ें- मलोट में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पिता ने लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप; पुलिस ने पकड़ा आरोपी
छुड़ाने पहुंचे परिजन को भी बाहर निकाला
परिजनों के अनुसार, जब हरप्रीत को छुड़ाने के लिए परिवार का सदस्य आरोपितों के घर पहुंचा तो उसे कथित तौर पर धक्के देकर बाहर निकाल दिया गया। शिकायत में आरोप है कि इसके बाद भी हरप्रीत के साथ सुबह से शाम तक मारपीट होती रही।
शाम को आरोपितों ने उसे बेहोशी की हालत में घर के बाहर छोड़ दिया। इसके बाद परिजन उसे गुरु गोबिंद सिंह चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार शुरू हुआ। करीब छह दिन बाद 10 सितंबर को उसकी मौत हो गई।
बहन बोली- भाई कहता रहा, मोबाइल नहीं चुराया
हरप्रीत की बहन नीतू ने आरोप लगाया कि उसके भाई पर मोबाइल चोरी का झूठा आरोप लगाया गया था। उसका भाई लगातार चोरी से इनकार करता रहा, लेकिन इसके बावजूद उसके साथ मारपीट की गई। परिवार ने कहा है कि जब तक उन्हें इंसाफ नहीं मिलता, तब तक हरप्रीत का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- मिलावटी पनीर पर सख्त कार्रवाई, जालंधर में फूड सेफ्टी टीम की छापामारी; 75 किलो पनीर जब्त
एक आरोपित गिरफ्तार, बाकी की तलाश
थाना सिटी-दो के प्रभारी अकलप्रीत सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर चारों आरोपितों के खिलाफ बंधक बनाने, मारपीट और मौत के मामले में केस दर्ज किया गया है। बलविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड लिया जाएगा।
अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों की ओर से छापेमारी की जा रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद मामले में उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
