विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटियाला में कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन, स्वास्थ्य मंत्री आवास का घेराव; मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने का एलान

Published: Sat, 12 Sep 2026 04:10 PM (IST)

पंजाब मुलाजिम एवं पेंशनर्स सांझा फ्रंट और मुलाजिम मंच पंजाब ने पटियाला में विशाल रैली निकालकर कैबिनेट मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के आवास का घेराव किया।

पटियाला में कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन। फोटो जागरण

पटियाला में कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन। फोटो जागरण

HighLights

  1. पटियाला में कर्मचारियों और पेंशनरों ने विशाल रैली निकाली।

  2. कैबिनेट मंत्री डॉ. बलबीर सिंह के आवास का घेराव किया।

  3. पुरानी पेंशन योजना और भत्तों की बहाली की मांग।

जागरण संवाददाता, पटियाला। पंजाब मुलाजिम एवं पेंशनर्स सांझा फ्रंट और मुलाजिम मंच पंजाब की संयुक्त तालमेल कमेटी के आह्वान पर शनिवार को पटियाला में कर्मचारियों, पेंशनरों द्वारा पुड्डा ग्राउंड में विशाल रैली की। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने कैबिनेट मंत्री डॉ. बलवीर सिंह के आवास का घेराव किया।

पुलिस द्वारा मंत्री के आवास से पहले बैरिकेड लगाए गए थे, लेकिन प्रदर्शनकारियों का काफिला बैरिकेड तोड़कर मंत्री की कोठी के गेट तक पहुंच गया। हालांकि पुलिस कर्मचारियों द्वारा प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, बावजूद इसके कर्मचारी स्वास्थ्य मंत्री के आवास तक पहुंच गए।

 कर्मचारियों को पूरा वेतन भी नहीं दिया जा रहा

प्रदर्शनकारियों का कहना था पेंशनरों और अनरिवाइज्ड कैटेगरी के कर्मचारियों पर 2.59 का गुणांक लागू नहीं किया गया है। इसके अलावा पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, विभिन्न प्रकार के कच्चे और आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित करने, मिड-डे मील, आशा और आंगनवाड़ी वर्करों पर न्यूनतम वेतन लागू करने तथा ग्रामीण एवं सीमावर्ती क्षेत्रों समेत बंद किए गए 37 प्रकार के भत्ते और एसीपी योजना बहाल करने की मांग भी लंबित है।

नेताओं ने कहा कि 17 जुलाई 2020 के बाद भर्ती हुए कर्मचारियों पर पंजाब के वेतनमान लागू नहीं किए जा रहे और परिवीक्षा अवधि के दौरान कर्मचारियों को पूरा वेतन भी नहीं दिया जा रहा। इन मांगों सहित अन्य मांगों की अनदेखी के कारण कर्मचारियों, पेंशनरों और मानदेय कर्मियों में सरकार के प्रति भारी रोष है।