फरीदकोट जेल में बंद हवालाती की अस्पताल में मौत, बिगड़ी थी तबीयत; कार्रवाई के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फरीदकोट केंद्रीय जेल में बंद हवालाती भूपिंदर सिंह की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर उसे भर्ती कराया गया था। पोस्टमार्टम होगा।

केंद्रीय जेल फरीदकोट।
HighLights
हवालाती भूपिंदर सिंह की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत।
नशा तस्करी के मामले में तीन महीने से जेल में बंद था।
मौत के कारणों के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।
संवाद सहयोगी, फरीदकोट। फरीदकोट की केंद्रीय आधुनिक जेल में न्यायिक हिरासत में बंद एक हवालाती की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रेम नगर, कोटकपूरा निवासी भूपिंदर सिंह पुत्र गुरदीप सिंह के रूप में हुई है। वह नशा तस्करी से जुड़े मामले में करीब तीन महीने से जेल में बंद था।
जानकारी के अनुसार थाना सिटी कोटकपूरा की पुलिस ने भूपिंदर सिंह को 14 मई 2026 को मादक पदार्थ अधिनियम के तहत दर्ज मामले में गिरफ्तार किया था। अदालत में पेश किए जाने के बाद 15 मई से वह केंद्रीय आधुनिक जेल में न्यायिक हिरासत में था।
यह भी पढ़ें- पंजाब के 13,500 गांव जगमगाएंगे, 470 करोड़ से लगेंगी 3 लाख सोलर लाइटें; चार महीने में पूरा होगा काम
अचानक बिगड़ी थी तबीयत
जेल प्रशासन के अनुसार 11 अगस्त को भूपिंदर सिंह की अचानक तबीयत खराब हो गई। उसकी हालत बिगड़ने पर जेल प्रशासन ने तत्काल उसे उपचार के लिए गुरु गोबिंद सिंह चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार शुरू किया गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान मंगलवार रात उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना के बाद संबंधित अधिकारियों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें- हवारा की पैरोल को लेकर गवर्नर से मिले CM मान, बीमार मां की देखभाल का दिया हवाला; फैसले पर नजर
पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
भूपिंदर सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही उसकी मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
जेल प्रशासन की ओर से बताया गया है कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। संबंधित अधिकारी भी पूरे मामले की प्रक्रिया के अनुसार जांच कर रहे हैं। फिलहाल मौत के कारण को लेकर किसी तरह की अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है।
