पंजाब के 13,500 गांव जगमगाएंगे, 470 करोड़ से लगेंगी 3 लाख सोलर लाइटें; चार महीने में पूरा होगा काम
पंजाब के करीब 13,500 गांवों में तीन लाख सोलर लाइटें लगेंगी। 470 करोड़ रुपये की योजना में 70 प्रतिशत खर्च सरकार और 30 प्रतिशत पंचायतें उठाएंगी।

इसकी AI इमेज तैयार करें।
HighLights
पंजाब के 13,500 गांवों में लगेंगी 3 लाख सोलर लाइटें।
परियोजना पर 470 करोड़ रुपये खर्च होंगे, 70% सरकार देगी।
पहले चरण में 2,617 गांवों में 50,870 लाइटें लगेंगी।
राज्य ब्यूरो जागरण, चंडीगढ़। पंजाब के गांव अब सोलर लाइटों से रोशन होंगे। राज्य सरकार ने प्रदेश के करीब 13,500 गांवों में तीन लाख सोलर लाइटें लगाने की योजना शुरू की है। इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 470 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। बुधवार को चंडीगढ़ स्थित पंजाब भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने प्रोजेक्ट की शुरुआत की।
अमन अरोड़ा ने बताया कि सोलर लाइटें लगाने और उनके रखरखाव की जिम्मेदारी चयनित कंपनियों को दी गई है। प्रोजेक्ट के तहत होने वाले खर्च का 70 प्रतिशत हिस्सा पंजाब सरकार वहन करेगी, जबकि 30 प्रतिशत राशि संबंधित ग्राम पंचायतों को देनी होगी। कंपनियां लाइटों की स्थापना के साथ-साथ उनकी नियमित देखरेख और मेंटेनेंस भी करेंगी।
यह भी पढ़ें- हवारा की पैरोल को लेकर गवर्नर से मिले CM मान, बीमार मां की देखभाल का दिया हवाला; फैसले पर नजर
पहले चरण में चमकेंगे 2,617 गांव
प्रोजेक्ट के पहले चरण में 2,617 गांवों में 50,870 सोलर लाइटें लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद पूरे पंजाब के गांवों में करीब तीन लाख लाइटें लगाई जाएंगी। कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा कि चार महीने के भीतर इस काम को पूरा कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- स्वतंत्रता दिवस से पहले फिरोजपुर जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली करवाया; शुरू हुई सघन जांच
मंदिर-गुरुद्वारों और बस स्टैंड पर भी रोशनी
इन सोलर लाइटों को गांवों में जरूरत के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर लगाया जाएगा। मंदिरों, गुरुद्वारों, बस स्टैंड के अलावा अन्य प्रमुख पब्लिक प्लेस भी इसके दायरे में होंगे। इससे गांवों में रात के समय रोशनी की सुविधा बढ़ने के साथ बिजली की बचत भी होगी।
मंत्री ने कहा कि पंजाब के अन्य गांव भी इस सुविधा का लाभ लेने के लिए रूरल डेवलपमेंट विभाग को अपनी सहमति दे सकते हैं। सरकार इसे गांवों में बेहतर रोशनी और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में नई शुरुआत के रूप में देख रही है।
