विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धोखा बरदाश्त न कर सकी हरियाणवी प्रेमिका, प्रेमी के अपहरण के लिए फरीदकोट भेजे 5 बदमाश; लोगों ने धरे

Published: Wed, 28 Oct 2026 04:10 PM (IST)

फरीदकोट के रोमाणा अलबेल सिंह गांव में पूर्व प्रेमिका की साजिश के तहत युवक का अपहरण करने पहुंचे पांच युवकों को सतर्क लोगों ने दबोच लिया।

ये AI जनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर है।

ये AI जनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर है।

HighLights

  1. प्रेमिका ने प्रेमी के अपहरण के लिए भेजे बदमाश।

  2. फरीदकोट में लोगों ने पांचों आरोपियों को पकड़ा।

  3. पुलिस ने प्रेमिका सहित छह पर केस दर्ज किया।

जागरण संवाददाता. फरीदकोट। प्रेम में धोखा खाने के बाद हरियाणा की एक युवती ने अपने प्रमी का अपहरण करने के लिए फरीदकोट में पांच बदमाश भेज दिए। उनका इरादा युवक को किडनैप पर कत्ल करना था। लेकिन लोगों ने आरोपियों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने प्रेमिका सहित 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।

घटना फरीदकोट जिले के गांव रोमाणा की है। गांव अलबेल सिंह में एक व्यक्ति को कथित तौर पर अगवा करने पहुंचे पांच युवकों को स्थानीय लोगों ने घेरकर पकड़ लिया। आरोपियों को लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उसकी पूर्व प्रेमिका ने अपने एक साथी के साथ मिलकर उसे अगवा करवाने और जान से मारने की साजिश रची थी।

यह भी पढ़ें- तरनतारन में गैंगस्टरों की धमकियों से सहमे आढ़ती ने शूटर समझ अज्ञात पर चला दी गोलियां, एक की मौत और दो घायल

स्नैपचैट पर हुई थी दोस्ती

मामले में पुलिस ने पांचों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि संबंधित महिला सहित कुल छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस को दी शिकायत में गांव रोमाणा अलबेल सिंह निवासी सुखवीर सिंह पुत्र प्यारा सिंह ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले उसकी जान-पहचान स्नैपचैट के माध्यम से सुखविंदर कौर पुत्री गुरमेज सिंह के साथ हुई थी।

मूल रूप से हरियाणा के जगाधरी की बैंक कॉलोनी की रहने वाली सुखविंदर कौर है, जो फिलहाल जीरकपुर में रहती है। शिकायतकर्ता के अनुसार, शुरुआत में दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम संबंधों में बदल गई। सुखवीर सिंह उससे शादी करना चाहता था।

मई में रिश्ता खत्म करने का दावा

शिकायतकर्ता के अनुसार, इसी वर्ष मई में उसे कथित तौर पर पता चला कि सुखविंदर कौर के अन्य व्यक्तियों के साथ भी संबंध हैं। इसके बाद उसने उससे अपना रिश्ता खत्म कर लिया। सुखवीर सिंह का आरोप है कि रिश्ता खत्म होने के बाद सुखविंदर कौर उससे 10 लाख रुपये की मांग करने लगी। पैसे नहीं देने पर उसे जान से मरवाने की धमकी भी दी गई। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

यह भी पढ़ें- मानसा पहुंचे पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी, मृतक दलजीत के परिवार से की मुलाकात; पुलिस कार्रवाई पर भड़के

जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाने लगे युवक

सुखवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि गत दिवस शाम करीब 5:45 बजे वह अपनी दुकान के गेट पर खड़ा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पांच युवक वहां पहुंचे और अचानक उसकी दुकान में घुस गए। आरोप है कि युवकों ने उसके साथ धक्का-मुक्की की और जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाने का प्रयास किया। इस दौरान सुखवीर सिंह ने शोर मचा दिया।

लोगों ने मौके पर पकड़े बदमाश

आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। लोगों ने युवकों को घेर लिया और उनसे पूछताछ शुरू कर दी। शिकायत के अनुसार, पकड़े गए युवकों ने कथित तौर पर बताया कि सुखविंदर कौर ने अपने एक साथी के साथ मिलकर सुखवीर सिंह को अगवा करने के लिए उन्हें पांच लाख रुपये की सुपारी दी थी। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और पांचों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया।

यह भी पढ़ें- मानसा पहुंचे पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी, मृतक दलजीत के परिवार से की मुलाकात; पुलिस कार्रवाई पर भड़के