पंजाब चुनाव में 70 सीटों पर नए चेहरे उतारेगी कांग्रेस? राजा वड़िंग का बड़ा एलान
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आगामी विधानसभा चुनावों में 70 सीटों पर नए चेहरे उतारने का प्रस्ताव रखा और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर कटाक्ष किया।
-1795609518142_m.webp)
फरीदकोट पहुंचे राजा वड़िंग। फोटो जागरण
HighLights
कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनावों में 70 सीटों पर नए चेहरे उतारेगी।
राजा वड़िंग ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर तीखा कटाक्ष किया।
पंजाब के आर्थिक संकट और नशे की समस्या पर चिंता व्यक्त की।
जतिंदर कुमार, फरीदकोट। बुधवार को फरीदकोट के कस्बा सादिक में पहुंचे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने आने वाले विधानसभा चुनावों में 70 सीटों पर नए चेहरों को उतारने की कवायद की।
उन्होंने कहा कि यह विचार उन्होंने गत दिवस चुनावों को लेकर कांग्रेस की बैठक में भी कही है। एक ओर जहां उन्होंने पंजाब कांग्रेस में मतभेदों की बातों को नकारा तो, वहीं दूसरी ओर पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर कटाक्ष भी किया।
बता दें कि उनके इस कार्यक्रम में उनके गुट के नेताओं ने तो बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटाए परंतु चन्नी गुट के समर्थक इस कार्यक्रम से दूर रहे। पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग बुधवार को कस्बा सादिक में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शिवराज सिंह ढिल्लों के आवास पर पहुंचे थे।
इस दौरान उन्होंने कहा कि गत दिवस आने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर हुई कांग्रेस की बैठक में उन्होंने इन चुनावों में 70 सीटों पर नए चेहरे उतारने का विचार पेश किया है।
टिकट देने की वकालत
क्योंकि, अब पंजाब के लोग धनाढ्य परिवारों की जगह ऐसे आम लोगों को पसंद करते हैं जो उनकी बात करते हो और यही कारण है कि 2022 के चुनावों में आप ने बड़े स्तर पर जीत प्राप्त की थी। इस दौरान उन्होंने अपने गुट के स्थानीय नेता और जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवदीप सिंह बब्बु बराड़ का उदाहरण देते हुए अप्रत्यक्ष तौर पर उन्हें टिकट देने की वकालत भी की।
साथ ही गत दिनों साइकिल यात्रा के दौरान चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा कुशलदीप सिंह किक्की ढिल्लों को प्रत्याशी के तौर पर पेश करने और उन्हें मंत्री बनाने के दावे पर उन पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि टिकट देने और मंत्री बनाने का अधिकारी सिर्फ राहुल गांधी का है और किसी के पास यह अधिकार नहीं है। इसलिए वे झूठे दावे नहीं करते।
यह भी पढ़ें- BJP-अकाली दल गठबंधन का पंजाब की राजनीति पर कितना पड़ेगा असर? राजा वड़िंग बोले- कांग्रेस को 15 सीटों का होगा फायदा
आर्थिक संकट से गुजर रहा पंजाब
इस दौरान उन्होंने पंजाब में बिना नाम लिए अफीम और पोस्त की छूट देने की वकालत करते हुए कहा कि पंजाब से नशा किसी जादू की छड़ी की तरह समाप्त नहीं किया जा सकता। पहले नशा पीड़ित युवाओं को विकल्प देना पड़ेगा और फिर उसके पश्चात धीरे-धीरे नशा छुड़वाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इन नशों से किसी की मौत नहीं होती थी जबकि अब आए दिन युवा चिट्टे के कारण मौत के मुंह में समा रहे हैं। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब इस समय बड़े आर्थिक संकट से गुजर रहा है। यदि इस बार बेहतर मुख्यमंत्री पंजाब को नहीं मिला तो फिर पंजाब कभी भी इस संकट से उबर नहीं पाएगा।
अकाली-भाजपी गठबंधन पर किया कटाक्ष
अकाली-भाजपा गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि यह गठबंधन पंजाब के हितों के लिए नहीं हुआ बल्कि सिर्फ और सिर्फ हरसिमरत कौर बादल को मंत्री बनाने के लिए किया गया है। वे पहले भी भाजपा से अलग नहीं होना चाहते थे परंतु किसान यूनियनों के विरोध के कारण उन्हें अलग होना पड़ा।
बंदी सिखों का मुद्दा, पंजाब के पानी का मुद्दा, चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी का नाम बदलने का मुद्दा, चंडीगढ़ को पंजाब को देने का मुद्दा, बीबीएमबी मुद्दा सहित सभी मुद्दे भुला दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब में चिट्टा अकाली-भाजपा सरकार के समय आया तो वह अब कैसे समाप्त करेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।