विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BJP-अकाली दल गठबंधन का पंजाब की राजनीति पर कितना पड़ेगा असर? राजा वड़िंग बोले- कांग्रेस को 15 सीटों का होगा फायदा

Published: Tue, 24 Nov 2026 04:13 PM (GMT+05:30)

कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भाजपा-अकाली दल के गठबंधन को पुराना तालमेल बताया, जिससे कांग्रेस को 15 सीटों का लाभ मिलने का दावा किया।

BJP-अकाली दल गठबंधन पर क्या बोले राजा वड़िंग? फोटो जागरण

BJP-अकाली दल गठबंधन पर क्या बोले राजा वड़िंग? फोटो जागरण

HighLights

  1. वड़िंग ने भाजपा-अकाली दल गठबंधन को पुराना तालमेल करार दिया।

  2. कांग्रेस को इस गठबंधन से 15 विधानसभा सीटों का लाभ मिलेगा।

  3. गुरुपर्व पर पंजाबियों से एकजुट होने और भाईचारे का संदेश दिया।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन पर कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि भाजपा और अकाली दल का गठबंधन कोई नया नहीं है, बल्कि दोनों दलों के बीच पहले से ही अंदरूनी तौर पर तालमेल बना हुआ था। अब इसे केवल जनता के सामने औपचारिक रूप से दिखाया जा रहा है।

वड़िंग ने कहा कि आज दोनों दल भले ही इसे नया गठबंधन बता रहे हों, लेकिन यह साथ पहले से ही चल रहा था। इस गठबंधन का पंजाब की राजनीति पर असर पड़ेगा और कांग्रेस को इसका फायदा होगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा-अकाली दल के साथ आने से कांग्रेस को 15 सीटों का लाभ मिलेगा।

अत्याचार के खिलाफ मजबूती से खड़े होने की अपील 

उन्होंने भाजपा पर ध्रुवीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब की धरती गुरु नानक देव जी के सर्वधर्म समभाव, संवाद और भाईचारे के संदेश की धरती है। गुरुपर्व के अवसर पर उन्होंने सभी पंजाबियों से जाति और धर्म से ऊपर उठकर एकजुट होने, अच्छे कार्यों के लिए आगे आने और अत्याचार के खिलाफ मजबूती से खड़े होने की अपील की।

यह भी पढ़ें- CM नायब सैनी ने पहले ही दिए थे BJP-अकाली दल गठबंधन के संकेत, पंजाब में सक्रियता के पीछे छिपी थी बड़ी सियासी रणनीति

क्या बोले विपक्ष

पंजाब में भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के दोबारा गठबंधन का एलान होते ही विपक्षी दलों ने तीखा हमला बोल दिया है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने इस राजनीतिक मिलाप को सत्ता के लिए किया गया समझौता और अवसरवादी राजनीति करार दिया है। विपक्षी नेताओं का दावा है कि पंजाब की जनता इस गठबंधन को पूरी तरह खारिज कर देगी।

हालांकि, शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि यह महज राजनीतिक गठबंधन नहीं, बल्कि एक भावनात्मक जुड़ाव है। अपने स्वर्गीय पिता का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि अकाली दल और भाजपा का रिश्ता नाखून व मांस का है, जो पंजाब, देश और सिख समुदाय के हित में है। 

यह भी पढ़ें- पंजाब विधानसभा चुनाव में बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन तय, दोपहर 1 बजे होगा एलान

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।