पंजाब के पूर्व DIG भुल्लर और बिचौलये की आवाज गवाहों ने कोर्ट में पहचानी, रिश्वतकांड में CBI का केस हुआ मजबूत
निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर और कृष्णु शारदा के 8 लाख रुपये रिश्वत मामले में सीबीआई का केस मजबूत हो ...और पढ़ें

रिश्वत मामले में निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर की मुश्किलें बढ़ी।
HighLights
गवाह बोले-आवाज को अच्छी तरह पहचानते हैं।
पहले शिकायतकर्ता भी डटकर गवाही दे चुका है।
आठ लाख रुपये रिश्वत मामले में कोर्ट में गवाही।
रवि अटवाल, चंडीगढ़। आठ लाख रुपये रिश्वत मामले में निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर और उनके बिचौलिये पूर्व हाॅकी खिलाड़ी कृष्णु शारदा बुरी तरह फंस गए हैं। दोनों के खिलाफ पहले तो शिकायतकर्ता ने डटकर गवाही दे दी थी और अब उन लोगों ने भी बयान दे दिया जिन्हें सीबीआई ने आवाज पहचानने के लिए गवाह बनाया था।
सीबीआई ने भुल्लर के आफिस स्टाफ और एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के कार्यालय के मुख्य सेवादार की गवाही करवाई। उन दोनों को भुल्लर और बिचौलिये कृष्णु शारदा की आवाज की पहचान करनी थी। सीबीआई के पास सबूत के तौर पर इन दोनों की वाइस रिकार्डिंग हैं जिनमें वे रिश्वत के लेनदेन की बात कर रहे हैं।
दूसरा, इन दोनों के वाइस सैंपल सीबीआई पहले ही ले चुकी थी। अब केवल उन लोगों से इनकी आवाज की पहचान करवानी थी जो इनसे अक्सर मिलते रहते थे। ऐसे में सीबीआई ने कोर्ट में दो गवाहों को बुलाया। जज के सामने सीबीआई ने इनकी वाइस रिकाॅर्डिंग चलवाई।
इस पर गवाहों ने कहा कि वे इन आवाजों को अच्छी तरह पहचानते हैं। एक गवाह तो भुल्लर के आफिस में ही कार्यरत था जबकि दूसरा उस अधिकारी के कार्यालय में तैनात था, जहां अक्सर कृष्णु आता रहता था। वहां वह स्टाफ से भी मिलता रहता था। गवाह ने कोर्ट में कृष्णु की पहचान भी कर ली।
यह भी पढ़ें- निलंबित DIG भुल्लर और बिचौलिए पर चलेगा भ्रष्टाचार का मुकदमा, CBI विशेष अदालत में आरोपमुक्त किए जाने की अर्जी खारिज
सीबीआई का केस हुआ मजबूत
सीबीआई के सरकारी वकील नरेंद्र सिंह ने अदालत में कहा कि उनके पास केस साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत हैं और गवाह हैं। शिकायतकर्ता आकाश बत्ता और अब इन गवाहों के बयानों से आरोपितों की रिश्वत की मांग और स्वीकृति और उनके अपराध की मंशा भी साबित हो गई है।
सीबीआई ने महज आठ महीने में इस केस के अहम गवाहों के बयान करवा दिए, जिससे अब आरोपितों के लिए मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। पिछले महीने ही सीबीआइ ने शिकायतकर्ता की गवाही पूरी करवाई थी। उसने करीब 90 पन्नों की गवाही दी थी, जिसमें उसने केस के बारे में खुलकर बोला था।
यह भी पढ़ें- 'इन्होंने ही मांगी थी रिश्वत...' पूर्व DIG भुल्लर और बिचौलिये को देख जज के सामने बोला शिकायतकर्ता
भुल्लर के घर से मिले थे नोटों के ढेर
पिछले साल सीबीआई ने मंडी गोबिंदगढ़ के व्यापारी आकाश बत्ता की शिकायत पर भुल्लर और कृष्णु को गिरफ्तार किया था। दोनों उसे एक आपराधिक मामले में फंसाने की धमकी देकर रिश्वत की मांग कर रहे थे।
सीबीआई ने भुल्लर के सेक्टर-40 स्थित घर पर रेड की थी, जहां साढ़े सात करोड़ रुपये कैश बरामद हुआ था। लग्जरी घड़ियां, महंगी शराब, करीब ढाई किलो सोना और कई प्रापर्टी के दस्तावेज भी मिले थे। सीबीआई ने भुल्लर के खिलाफ भ्रष्टाचार के साथ-साथ आय से अधिक संपत्ति का भी केस दर्ज कर लिया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।