विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 09, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पंजाब में शिक्षिकाओं को ड्रेस कोड का निर्देश देने वाले दो अफसर निलंबित

By Kamlesh BhattEdited By:
Published: Tue, 09 May 2017 07:40 PM (IST)Updated: Tue, 09 May 2017 08:01 PM (IST)

शिक्षिकाओं को जींस व टॉप न पहनकर आने का फरमान सुनाने वाले शिक्षा विभाग के उप निदेशक व सहायक निदेशक को निलंबित कर दिया गया है।

पंजाब में शिक्षिकाओं को ड्रेस कोड का निर्देश देने वाले दो अफसर निलंबित
पंजाब में शिक्षिकाओं को ड्रेस कोड का निर्देश देने वाले दो अफसर निलंबित

जेएऩएन, चंडीगढ़। महिला अध्यापकों के लिए ड्रेस कोड संबंधी दिशा-निर्देशों वाला पत्र जारी करने के मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा मंत्री अरुणा चौधरी ने विभाग के डिप्टी डायरेक्टर अमरीश शुक्ला व सहायक डायरेक्टर अमरबीर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि विभाग की ओर से निर्देश जारी किया गया था कि कुछ अध्यापिकाएं जीन्स व टॉप पहनकर स्कूल जाती हैं जिनसे छात्रों पर गलत असर पड़ता है।

शिक्षा मंत्री  ने बयान जारी कर कहा कि उनके ध्यान में यह मामला आया है कि शिक्षा विभाग द्वारा महिला अध्यापकों के ड्रेस कोड वाला पत्र जारी किया गया, जिससे समाज में सबसे अधिक सम्मान का दर्जा रखने वाले राष्ट्र निर्माता अध्यापकों और विशेषकर महिलाओं के मान-सम्मान को बड़ी ठेस पहुंची है। यह आदेश निलंबित किए उक्त दोनों अधिकारियों द्वारा अपने स्तर पर ही जारी किए गए जिसकी उन्होंने किसी भी उच्चाधिकारी से सहमति या मंजूरी नहीं ली। शिक्षा मंत्री ने डे्रस कोड वाले विवादित पत्र को शीघ्र वापस लेने के लिए आदेश भी जारी किए।

चौधरी ने कहा कि 21वीं सदी में जहां महिला सशक्तीकरण की बात की जा रही है और महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर रही हैं वहीं ऐसी सोच वाली मानसिकता को कभी भी सहन नहीं किया जा सकता। किसी भी अधिकारी को अध्यापकों और महिलाओं के मान-सम्मान को ठेस पहुंचाने की आज्ञा नहीं दी जाएगी। साथ ही विभाग के अधिकारियों को यह चेतावनी भी दी कि कोई भी आदेश या कोई बड़ा फैसला अपने स्तर पर न किया जाए जिससे विभाग की छवि खराब हो।

यह भी पढ़ें: अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी की पत्नी से क्लर्क ने की छेड़छाड़