चंडीगढ़ में हेड कॉन्स्टेबल हत्याकांड! पिता को मारने से पहले मां के कमरे की बाहर से कुंडी लगाई, फिर गढ़ी झूठी कहानी
चंडीगढ़ में हेड काॅन्स्टेबल नितिन सिंह हत्याकांड में उनके बेटे अरमान ने पुलिस पूछताछ में वारदात कबूल कर ली है। ...और पढ़ें

हत्यारोपित बेटे अरमान को लेकर जाती पुलिस और घटनास्थल से बरामद देसी पिस्तौल। घेरे में हेड कॉन्स्टेबल नितिन का फाइल फोटो।
HighLights
बेटे अरमान ने पुलिस पूछताछ में पिता की हत्या कबूली।
प्रेग्नेंट गर्लफ्रेंड से शादी को लेकर था विवाद, बना मोटिव।
अरमान की टीशर्ट पर लगा खून मैच हुआ तो केस होगा मजबूत।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करने वाले सेक्टर-22ए के हेड काॅन्स्टेबल नितिन सिंह हत्याकांड में पुलिस पूछताछ के दौरान उसके बेटे अरमान ने वारदात को लेकर कई चौंकाने वाले राज खोले हैं।
करीब 18 वर्ष नौ माह के अरमान ने पुलिस को बताया कि पिता की हत्या करने से पहले उसने मां मोनिका रानी के कमरे की बाहर से कुंडी लगा दी थी, ताकि वह बाहर न आ सके। इसके बाद दूसरे कमरे में सो रहे पिता की कनपटी पर देसी पिस्तौल से गोली मार दी।
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद अरमान ने मां के कमरे की कुंडी खोली और उसे झूठी कहानी सुनाई कि कोई व्यक्ति उसके पिता को गोली मारकर फरार हो गया है। उसने मां के सामने बीच-बचाव करने का नाटक भी किया।
हालांकि मां को बेटे पर शक हो गया। पुलिस के मुताबिक स्थिति बिगड़ती देख अरमान ने मां पर भी गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन देसी पिस्तौल में गोली फंस गई।
फिर उसने मां का गला दबाने की भी कोशिश की, लेकिन मां ने किसी तरह जान बचाई और शोर मचाकर पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अरमान से पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार किया।
रिमांड में कबूली वारदात, फिर भी नहीं पछतावा
शुक्रवार तड़के करीब साढ़े चार बजे सेक्टर-22ए के सरकारी क्वार्टर में अपने कमरे में सो रहे हेड काॅन्स्टेबल नितिन सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने उसकी पत्नी मोनिका रानी के बयान पर बेटे अरमान के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
मामले में बीएनएस की धारा 103(1) और आर्म्स एक्ट की धाराएं 25/27/54/59 लगाई गई हैं। अरमान को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था जोकि सोमवार को खत्म हो रहा है।
पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल देसी पिस्तौल की खरीद-फरोख्त और उसे मुहैया कराने वाले व्यक्ति का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए पुलिस अरमान को हरिद्वार भी लेकर जाएगी।
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ में 19 साल का बेटा नशा करने लगा, युवती संग रहने लगा; हेड कॉन्स्टेबल पिता ने 10 लाख से मना किया तो दाग दी गोली
इन कारणों से पुलिस का केस होगा मजबूत
मोटिव : अरमान के पास पिता की हत्या करने का मोटिव था। प्रेग्नेंट गर्लफ्रेंड से शादी की बात को लेकर काफी समय से बाप-बेटे में विवाद था। उस रात भी उनमें कहासुनी हुई थी।
टीशर्ट पर लगा खून : पुलिस को अरमान की टी-शर्ट पर खून मिला है। उसके सैंपल की फारेंसिक जांच करवाई जाएगी। अगर खून पिता के खून से मैच होता है तो पुलिस का केस मजबूत होगा।
देसी कट्टा बरामद : पुलिस को मौके पर ही देसी पिस्तौल बरामद हुई। उसे भी जांच के लिए सीएफएसएल भेजा जाएगा
कबूलनामा : गिरफ्तारी के बाद आरोपित अरमान ने पूरी वारदात कबूल कर ली है।
