परगट सिंह से मिले सिद्धू मूसेवाला के पिता, पंजाब कांग्रेस की कमान मिलने पर दी बधाई; मानसा से लड़ना चाहते हैं चुनाव
पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष परगट सिंह को बधाई देने के लिए दिल्ली में सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ...और पढ़ें
-1791138082202_m.webp)
परगट सिंह से मुलाकात करते बलकौर सिंह। फोटो जागरण
HighLights
सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने परगट सिंह से मुलाकात की।
बलकौर सिंह ने परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बनने पर बधाई दी।
बलकौर सिंह ने मानसा से चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त की।
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के नए प्रधान बनने के बाद परगट सिंह को बधाई देने और शुभकामनाएं देने का सिलसिला लगातार जारी है। दिल्ली में डटे परगट सिंह से रविवार को दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह भी मिलने पहुंचे। उन्होंने पंजाब कांग्रेस की कमान मिलने पर परगट सिंह को शुभकामनाएं दी।
इस दौरान कांग्रेस के युवा नेता दलबीर सिंह गोल्डी भी परगट सिंह से मिलने पहुंचे। परगट सिंह ने सभी साथियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी मिलने के बाद उनसे मिलने आ रहे सभी साथियों की ओर से दी जा रही बधाइयों और शुभकामनाओं के लिए वह आभारी हैं। सभी की ओर से मिल रहा प्यार, सम्मान और आशीर्वाद उनके लिए बहुत मायने रखता है।
बता दें कि बलकौर सिंह कई बार मानसा से चुनाव लड़ने की मंशा जता चुके हैं। उनका कहना है कि अगर टिकट मिलेगा तो हम मानसा से चुनाव लड़ेंगे।
पुराने नेताओं का ले रहे आशीर्वाद
परगट सिंह ने कहा कि लोगों का भरोसा उनकी ताकत है और इससे पंजाब की सेवा के प्रति उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। नए प्रधान इन दिनों लगातार दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और पंजाब से जुड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं।
पदभार संभालने से पहले वह पार्टी के पुराने नेताओं का आशीर्वाद लेने के साथ ही विभिन्न वर्गों के लोगों से भी संपर्क साध रहे हैं। माना जा रहा है कि एक दो दिन दिल्ली में मुलाकातों का यह सिलसिला जारी रहेगा।
