पंजाब में चुनावी जमीन तैयार कर रहे सचिन पायलट, पीड़ित परिवारों से मिलकर टटोल रहे जनता की नब्ज
कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट पंजाब के पांच दिवसीय दौरे पर हैं, जहां वे नशे और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के पीड़ितों से ...और पढ़ें

पंजाब में 5 दिन के दौरे पर कांग्रेस प्रभारी पायलट।
HighLights
सचिन पायलट पंजाब में पांच दिवसीय दौरे पर
नशे व हिंसा पीड़ितों के परिवारों से मुलाकात
कांग्रेस 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने नशे और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाने की रणनीति पर काम तेज कर दिया है।
पंजाब कांग्रेस इस पूरे मामले में ग्राउंड लेवल पर लोगों से जुड़ने की कोशिश कर रही है। पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट पांच दिवसीय दौरे पर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पहुंचकर उन परिवारों से मुलाकात कर रहे हैं, जिन्होंने नशे और हिंसक वारदातों में अपने परिजनों को खोया है।
पायलट का यह दौरा केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पंजाब के लोगों की नाराजगी समझने, पीड़ित परिवारों की आवाज सुनने और कांग्रेस के लिए चुनावी जमीन तैयार करने की कवायद के तौर पर भी देखा जा रहा है।
पंजाब कांग्रेस का प्रभारी बनने के बाद पायलट का यह पहला दौरा है। शुक्रवार को वह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह के साथ मानसा पहुंचे और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा के परिवार से मुलाकात की।
झोटा की 13 अक्टूबर को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पायलट ने परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए न्याय की लड़ाई में साथ देने का भरोसा दिया। उन्होंने नशे के खिलाफ संघर्ष को परिवार तक सीमित न रखते हुए व्यापक जन अभियान बनाने की बात कही।
पायलट ने यहां तक कहा कि कांग्रेस इस मामले को सड़क से संसद तक उठेगी। शनिवार को भी सचिन पायलट बठिंडा, मोगा और जगराओं में पीड़ित परिवारों से मिलने के लिए जा रहे हैं।

पीड़ित परिवारों तक पहुंच कर जुटा रहे ग्राउंड रिपोर्ट
पायलट का पंजाब दौरा 20 अक्टूबर तक निर्धारित बताया जा रहा है। इस दौरान वह मानसा के अलावा मोगा, बठिंडा, लुधियाना, जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर, पठानकोट, गुरदासपुर, तरनतारन और अमृतसर में नशे गैंगस्टर या अन्य किसी भी तरह से अपनी जान गवाने वाले पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचेगे।
इन मुलाकातों में उन परिवारों की शिकायतें सुनी जानी हैं, जिनके अनुसार उनके परिजन गैंगस्टर हिंसा या अन्य आपराधिक वारदातों का शिकार हुए। कई मामलों में परिवार पुलिस कार्रवाई, गिरफ्तारी और न्याय मिलने में देरी से परेशान हैं। इन सभी मुद्दों को कांग्रेस आने वाले विधानसभा चुनाव में मुद्दा बनाने की तैयारी में है।
नशा और कानून-व्यवस्था पर घेरेगी कांग्रेस
पंजाब में नशे का मुद्दा बीते कुछ दिनों से लगातार राजनीतिक बहस के केंद्र में है। झोटा की हत्या के बाद यह मुद्दा और संवेदनशील हो गया है। कांग्रेस आम आदमी पार्टी सरकार को घेरने के लिए इसे युवाओं की सुरक्षा, नशा तस्करी और कानून-व्यवस्था से जोड़ रही है।
पायलट का सीधे पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचना पार्टी की इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इन दौरों के जरिये कांग्रेस नेतृत्व यह भी परख रहा है कि लोगों में सरकार के प्रति कितनी नाराजगी है और किन स्थानीय मुद्दों को चुनाव में प्रमुखता से उठाया जा सकता है।
सचिन पायलट के पंजाब के इस दौर में उनके साथ पंजाब के नए अध्यक्ष परगट सिंह और स्थानीय नेता भी पीड़ितों से मिलने जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने की हरजिंदर मेले के परिवार से मुलाकात, परिवार से मिलकर जताया दुख
