अकाली दल सरकार बनी तो 'न्यू चंडीगढ़' का हिस्सा बनेगा नयागांव, सुखबीर बादल का खरड़ में बड़ा राजनीतिक ऐलान
शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने खरड़ में ऐलान किया कि अकाली दल की सरकार बनने पर नयागांव को न्यू चंडीगढ़ में शामिल किया जाएगा।
-1789033961090_m.webp)
सुखबीर बादल का बड़ा वादा। (फाइल फोटो जागरण)
HighLights
नयागांव को न्यू चंडीगढ़ में शामिल करने का वादा
गरीबों को जमीन का मालिकाना हक दिलाने की घोषणा
आम आदमी पार्टी सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना
जागरण संवाददाता, मोहाली। शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने खरड़ हलके में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बड़ा राजनीतिक ऐलान किया। उन्होंने कहा कि पंजाब में अकाली दल की सरकार बनने पर नयागांव को न्यू चंडीगढ़ में शामिल किया जाएगा।
बादल ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
सुखबीर बादल ने कहा कि अकाली दल की सरकार ने पहले भी पंजाब के विकास के लिए कई बड़े काम किए हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। बिजली व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
जमीन के मालिकाना हक का मुद्दा भी उठाया
अकाली दल प्रधान ने गरीबों और मजदूरों की जमीन के मालिकाना हक का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि अकाली दल की सरकार बनने पर गांवों में लंबे समय से जमीन (लाल डोरे वाली ) पर रह रहे गरीब परिवारों को उनकी जमीन का मालिकाना हक दिलाने के लिए कदम उठाए जाएंगे। जिन परिवारों ने छोटी जमीन पर घर बनाए हुए हैं, उनकी रजिस्ट्री करवाने की दिशा में भी काम किया जाएगा।
उन्होंने अकाली दल-भाजपा गठबंधन का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों दलों का गठबंधन पंजाब की राजनीति में लंबे समय तक रहा, लेकिन बाद में यह टूट गया। सुखबीर बादल ने पंजाब के अधिकारों और संस्थानों से जुड़े मुद्दों पर भी दिल्ली के हस्तक्षेप को लेकर सवाल उठाए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क बढ़ाने और पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। सुखबीर बादल ने कहा कि अकाली दल पंजाब के हितों, किसानों, मजदूरों और आम लोगों की आवाज बनकर संघर्ष करता रहेगा।
यह भी पढ़ें- हरियाणा में फिर मजबूत होगा अकाली दल! सुखबीर बादल ने किया 7 सदस्यीय कोर कमेटी का एलान
