बिहार में नीतीश कुमार के नाम पर पुल, पंजाब के मंत्री ने जताई आपत्ति, कहा- गुरु गोबिंद सिंह जी के नाम पर हो नामकरण
पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखने पर कड़ी आपत्ति जताई है।

पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ (जागरण फोटो)
HighLights
पंजाब मंत्री ने नीतीश कुमार पुल नामकरण पर आपत्ति जताई
सिखों के दसवें गुरु के नाम पर पहले था प्रस्ताव
यह फैसला सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाता है
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने बिहार की भाजपा नेतृत्व वाली सरकार के कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के बजाय पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखने के फैसले पर कड़ी आपत्ति जताई है।
उन्होंने कहा कि पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखना सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। ईटीओ ने कहा कि बिहार सरकार ने पहले पुल का नाम सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के नाम पर रखने का प्रस्ताव स्वीकार किया था।
पुल सिखों के पवित्र स्थल तख्त श्री पटना साहिब के बिल्कुल निकट स्थित है। इसके बावजूद बाद में इसका नाम एक राजनीतिक नेता के नाम पर रखने का फैसला किया गया। मंत्री ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह लाखों श्रद्धालुओं की भावनाओं के प्रति सरकार की उदासीनता दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी ने मानवता, धर्म, बलिदान और मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए अतुलनीय योगदान दिया। उनकी विरासत सिख समुदाय तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे देश की अमूल्य धरोहर है। ऐसे महान गुरु को उचित सम्मान देना सभी की जिम्मेदारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।