विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब में SIR के बाद 13.60 लाख मतदाता घटे, फाइनल सूची में 2.01 करोड़ वोटर दर्ज; जानिए आपके नाम का क्या हुआ

Published: Mon, 12 Oct 2026 05:44 PM (IST)

पंजाब में SIR के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी हो गई है। जून के मुकाबले 13.60 लाख मतदाता घटे हैं। पूरी सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

ये AI जनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर है।

ये AI जनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर है।

HighLights

  1. पंजाब में 13.60 लाख मतदाता कम हुए पुनरीक्षण के बाद।

  2. अंतिम मतदाता सूची में अब 2.01 करोड़ पंजीकृत मतदाता।

  3. जांच उपरांत 86 हजार मतदाताओं को अयोग्य घोषित किया गया।

रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। 9 जून 2026 तक राज्य में 2,14,61,043 पंजीकृत मतदाता थे, जबकि अंतिम सूची में इनकी संख्या 2,01,00,727 रह गई है। इस तरह शुरुआती आंकड़े के मुकाबले पंजाब में कुल 13,60,316 मतदाता कम हुए हैं।

हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि इतने सभी नाम जांच के बाद काटे गए हैं। पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं के विवरण का सत्यापन, नामों का मिलान और दावे-आपत्तियों का निपटारा किया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा के अनुसार, 13 अगस्त को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में 1,93,94,435 मतदाता थे। इसके मुकाबले अंतिम सूची में 7,06,292 मतदाता बढ़े हैं।

पुनरीक्षण के दौरान 7,97,263 नए मतदाताओं के नाम भी जोड़े गए। वहीं, नोटिस जारी किए गए 35,49,036 मतदाताओं में से जांच और कारण सहित आदेश के बाद 86,038 को अयोग्य घोषित किया गया। इसलिए शुरुआती सूची और अंतिम सूची के बीच आए अंतर को केवल काटे गए नामों की संख्या के रूप में देखना सही नहीं होगा।

यह भी पढ़ें- CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में विपक्ष ने दायर की याचिका, SIR पर राहुल गांधी ने छेड़ी कानूनी जंग

पहले जारी आंकड़े से 13.60 लाख की कमी

नौ जून को पंजाब में 2,14,61,043 मतदाता थे। 13 अगस्त को जारी ड्राफ्ट सूची में यह संख्या घटकर 1,93,94,435 रह गई थी। यानी शुरुआती आंकड़े के मुकाबले ड्राफ्ट सूची में 20,66,608 मतदाता कम दर्ज हुए।

दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया तथा सत्यापन के बाद अंतिम सूची में संख्या बढ़कर 2,01,00,727 हो गई। इस तरह ड्राफ्ट सूची के मुकाबले अंतिम सूची में 3.64 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, लेकिन नौ जून के आंकड़े की तुलना में कुल संख्या अब भी 13,60,316 कम है।

86 हजार मतदाता जांच के बाद अयोग्य

निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक, नोटिस चरण में 35,49,036 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए। इनमें ऐसे मतदाता शामिल थे, जिनके विवरण का पुराने रिकॉर्ड से मिलान नहीं हो पाया था या जिनकी जानकारी में त्रुटियां थीं। सुनवाई और दस्तावेजों की जांच के बाद 86,038 मतदाताओं को अयोग्य घोषित किया गया। कार्यालय ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई व्यापक जांच और कारण सहित आदेश के आधार पर की गई।

यह भी पढ़ें- 'बिहार SIR मामले की सुनवाई के दौरान नए फॉर्म-6 पर नहीं दिया था कोई फैसला', सुप्रीम कोर्ट का स्पष्टीकरण

वेबसाइट पर देख सकेंगे नाम

अंतिम मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंजाब की वेबसाइट www.ceopunjab.gov.in पर उपलब्ध है। मतदाता संबंधित सूची में अपना नाम जांच सकते हैं। जिन योग्य लोगों के नाम अंतिम सूची में शामिल नहीं हैं, वे फार्म नंबर छह भरकर ऑनलाइन या अपने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

अंतिम सूची में 1,03,76,026 पुरुष, 97,24,195 महिला और 506 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए पोलिंग स्टेशनों की संख्या भी 24,453 से बढ़ाकर 25,332 की गई है।

यह भी पढ़ें- SIR और CEC के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज, मुंबई और पुणे में हिरासत में लिए गए कई प्रदर्शनकारी