विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पंजाब दा करोड़पति...', युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मददगार मंच; वित्त मंत्री चीमा ने किया दावा

Published: Fri, 20 Nov 2026 04:25 PM (IST)

पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने युवाओं से 'पंजाब दा करोड़पति' प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की। यह मंच प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और ज्ञान वृद्धि में सहायक होगा, जिसमें 1 करोड़ का मुख्य पुरस्कार है।

रयात बाहरा यूनिवर्सिटी पहुंचे वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा का सम्मान करते हुए चांसलर गुरविंदर सिंह बाहरा।

रयात बाहरा यूनिवर्सिटी पहुंचे वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा का सम्मान करते हुए चांसलर गुरविंदर सिंह बाहरा।

HighLights

  1. वित्त मंत्री ने 'पंजाब दा करोड़पति' में भाग लेने की अपील की।

  2. युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद करेगी।

  3. विजेता को एक करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा।

जागरण संवाददाता, खरड़ (मोहाली)। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने विद्यार्थियों से राज्य सरकार की पहल ‘पंजाब दा करोड़पति’ में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की। उन्होंने इसे युवाओं की बौद्धिक क्षमता निखारने, ज्ञान बढ़ाने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मददगार मंच बताया।

रयात एंड बाहरा यूनिवर्सिटी, खरड़ में विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की ओर से शुरू की गई यह पहल युवाओं की ऊर्जा को शिक्षा, ज्ञान और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की दिशा देने की सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाती है।

प्रतियोगिता में युवा अपने ज्ञान को परखने, पंजाब की विरासत को बेहतर ढंग से जानने और एक करोड़ रुपये के मुख्य पुरस्कार सहित आकर्षक नकद पुरस्कार जीतने का अवसर पाएंगे।

चीमा ने बताया कि पंजाब के इतिहास, भूगोल, कला, संस्कृति, सामान्य ज्ञान, समसामयिक घटनाओं, अभिरुचि और शासन व्यवस्था पर आधारित प्रश्न बैंक विद्यार्थियों का ज्ञान बढ़ाएगा। काॅन्स्टेबल, पटवारी और पीसीएस भर्ती परीक्षाओं के प्रारूप पर तैयार प्रश्न भविष्य की सरकारी भर्ती परीक्षाओं की तैयारी में भी उपयोगी होंगे।

यह भी पढ़ें- CM मान ने लॉन्च किया 'पंजाब दा करोड़पति' क्विज, युवाओं को मिलेगा ₹1 करोड़ जीतने का मौका

कल से ऑनलाइन चरण

प्रतियोगिता के ऑनलाइन चरण 21 नवंबर से शुरू होंगे। यह पंजाब के 15 से 30 वर्ष की आयु के निवासियों के लिए खुली है और इसमें कुल 11 चरण होंगे। पहले नौ चरण ऑनलाइन होंगे। इसके बाद राज्य के सभी 23 जिलों में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं और अंत में राज्य स्तरीय ग्रैंड फिनाले आयोजित किया जाएगा।

10,000 को मिलेगा इनाम

राज्य स्तरीय विजेता को एक करोड़ रुपये, चार उपविजेताओं को 10-10 लाख रुपये और लीडरबोर्ड में जगह बनाने वाले आठ अन्य प्रतिभागियों को 5-5 लाख रुपये मिलेंगे। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में कुल 10,000 प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।

चीमा ने कहा कि यह केवल प्रश्नोत्तरी नहीं, बल्कि सीखने, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और प्रतिभा की पहचान का मंच है। जवाब देने के बाद सही उत्तर मिलने से प्रतिभागियों को लगातार सीखने और सामान्य ज्ञान सुधारने का अवसर मिलेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से पंजीकरण कर भाग लेने की अपील की।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।