'कांग्रेस को बगावत का डर, इसलिए आखिरी दिन तक फंसाए रखती है टिकट'; पहली लिस्ट जारी कर विपक्ष पर बरसे पंजाब के CM मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए AAP की 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने के ...और पढ़ें

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (फाइल फोटो)
HighLights
AAP ने जनता की पसंद और सर्वे से चुने उम्मीदवार
कांग्रेस पर टिकटों में देरी और बगावत के डर का आरोप
पंजाब में सड़कों, नौकरियों, क्लीनिक जैसे विकास कार्य हुए
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पार्टी ने उम्मीदवारों के चयन में जनता की पसंद और सर्वे को महत्व दिया है।
नए चेहरों को भी मौका दिया गया है। उम्मीदवारों के नाम तय करने से पहले विस्तार से चर्चा की गई और लोगों की राय को ध्यान में रखा गया। सभी 40 चयनित उम्मीदवारों को बधाई देते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि ये सभी आगामी चुनाव में भी जीतकर आएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी करीब 12-13 साल पुरानी पार्टी है और इसमें नए लोगों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
पार्टी ने ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी है, जिन्हें जनता ने सर्वे में पसंद किया है। नए चेहरों को मौका देने का उद्देश्य संगठन में नई प्रतिभाओं को आगे लाना और उन्हें चुनावी राजनीति में अपनी पहचान बनाने का अवसर देना है।
कांग्रेस आखिरी समय तक करती है टिकटों का फैसला
भगवंत मान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस आखिरी दिन तक टिकटों का फैसला नहीं करती। उसे चिंता रहती है कि कहीं कोई नेता नाराज होकर बगावत न कर दे या निर्दलीय चुनाव मैदान में न उतर जाए।
इसके विपरीत आम आदमी पार्टी की नीति चुनाव से तीन-चार महीने पहले उम्मीदवार घोषित करने की है। इससे प्रत्याशियों को अपने विधानसभा क्षेत्रों में जनता के बीच जाने और चुनाव प्रचार के लिए पर्याप्त समय मिल जाता है।
यह भी पढ़ें- पंजाब में CM फेस पर सस्पेंस खत्म, मनीष सिसोदिया की X पोस्ट से तस्वीर साफ; 40 उम्मीदवारों को भी संदेश
पंजाब आकर देखो, गांव-गांव में हुए हैं विकास कार्य
विपक्ष की ओर से पंजाब में विकास कार्य नहीं होने के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने तो आरोप लगाने ही हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब से बाहर बैठकर आरोप लगाने के बजाय पंजाब आकर देखो कि यहां क्या-क्या काम हुए हैं। राज्य का कोई ऐसा गांव नहीं है, जहां विकास के लिए अनुदान न पहुंचा हो।
गांवों में सड़कें बनाई गई हैं और जल निकासी की समस्या दूर करने के लिए थापर मॉडल और सीसवाल मॉडल के तहत काम करवाए गए हैं।
मान ने कहा कि गांवों में ट्यूबवेल से जुड़े काम करवाए गए हैं। युवाओं को नौकरियां दी गई हैं, आम आदमी क्लीनिक खोले गए हैं और सरकारी स्कूलों को उन्नत किया गया है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में हुए कामों को देखने के लिए यहां आना चाहिए। लोगों को खुद पता चल जाएगा कि सरकार ने गांवों और शहरों में क्या-क्या काम करवाए हैं।
उम्मीदवारों को सरकार के काम जनता तक पहुंचाने का समय
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उम्मीदवार घोषित करने का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि प्रत्याशी अपने हलकों में जाकर लोगों को सरकार के कामों की जानकारी दे सकेंगे।
उन्हें जनता से संपर्क बनाने और स्थानीय मुद्दों को समझने का भी समय मिलेगा। इसके साथ ही टिकट की उम्मीद लगाए बैठे दूसरे नेताओं की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। पार्टी को नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं को मनाने तथा उन्हें संगठन में दूसरी जिम्मेदारी देने का अवसर भी मिलेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।