विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली पहुंचे पंजाब कांग्रेस के नए 'सरदार', नई पारी से पहले परगट सिंह ने मनमोहन सिंह की पत्नी से लिया आशीर्वाद

By Dr. Sumit Singh SheoranEdited By: Anuj Sharma
Published: Sun, 04 Oct 2026 12:23 PM (IST)

पंजाब कांग्रेस के नए प्रधान परगट सिंह ने नई राजनीतिक पारी से पहले गुरशरण कौर से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी।

डॉ. मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर से मुलाकात करते हुए परगट सिंह।

डॉ. मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर से मुलाकात करते हुए परगट सिंह।

HighLights

  1. पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने गुरशरण कौर से आशीर्वाद लिया।

  2. नई राजनीतिक पारी से पहले डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी।

  3. 2027 चुनाव से पहले पार्टी एकजुट करने की बड़ी जिम्मेदारी मिली।

डाॅ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के नए सरदार बने पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान परगट सिंह ने अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत करने से पहले दिल्ली में एक खास शख्स के परिवार से आशीर्वाद लिया। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी को एकजुट करने की बड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद परगट सिंह रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचे।

उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें याद किया। सोशल मीडिया पर परगट सिंह ने डॉ. मनमोहन सिंह को याद कर लिखा-

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी की पत्नी श्रीमती गुरशरण कौर जी से मुलाकात की। सरदार मनमोहन सिंह जी को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और श्रीमती गुरशरण कौर जी का आशीर्वाद लिया। उनकी सादगी, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।

यह भी पढ़ें- राजा वड़िंग के बाद परगट सिंह के सिर सजेगा ताज: इसी हफ्ते होगी ताजपोश, पायलट समेत जुटेगा पूरा नेतृत्व

pargat singh manmohan singh family

डॉ. मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर से बातचीत करते हुए परगट सिंह।

अनुभव व विरासत को साथ लेकर चलेंगे परगट सिंह

परगट के इस कदम को महज शिष्टाचार मुलाकात से जोड़कर नहीं देखा जा रहा। कांग्रेस की पंजाब में नई टीम और नई रणनीति के बीच उनका यह संदेश भी अहम माना जा रहा है कि संगठन की नई पारी में वरिष्ठों की विरासत और अनुभव को साथ लेकर चला जाएगा। खासकर ऐसे समय में जब पंजाब कांग्रेस लंबे समय से गुटबाजी से जूझती रही है और परगट को सभी नेताओं को साथ लेकर चलने की चुनौती मिली है।

यह भी पढ़ें- पंजाब को दहलाने की साजिश नाकाम! पाकिस्तान से भेजी AK-47 और दो हैंड ग्रेनेड रिकवर, अमृतसर में एक तस्कर अरेस्ट

पंजाब से शुरू हुआ था मनमोहन सिंह का सफर

डॉ. मनमोहन सिंह का पंजाब से रिश्ता बेहद गहरा रहा। अविभाजित पंजाब में जन्मे मनमोहन सिंह ने पंजाब विश्वविद्यालय से शिक्षा हासिल की और बाद में देश की आर्थिक नीतियों को नई दिशा देने वाले प्रमुख नेताओं में शामिल हुए। वह कांग्रेस के नेतृत्व में दो बार देश के प्रधानमंत्री बने। 1991 से राज्यसभा सदस्य रहे और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के तौर पर लंबे समय तक पार्टी की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

यही वजह है कि हॉकी के मैदान पर टीम को पीछे से संभालने वाले 'फुल बैक' की भूमिका की बात करने वाले परगट ने राजनीति की नई पारी में भी एक तरह से पुराने सियासी दिग्गज की विरासत को नमन कर शुरुआत की है। कांग्रेस ने दो अक्टूबर को परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया था।

अब देखना यह होगा कि मैदान पर टीम को दिशा देने का अनुभव रखने वाले परगट सिंह पंजाब कांग्रेस की सियासी टीम को 2027 के चुनावी मुकाबले में किस तरह एकजुट कर पाते हैं।

यह भी पढ़ें- Punjab Weather 4th October: मानसून ने ली विदाई! दिन का तापमान हुआ स्थिर, रातें सामान्य से 4 डिग्री तक अधिक गर्म