मानसा में नशे से मौत के बाद पंजाब पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल, CBI जांच की मांग के लिए हाई कोर्ट पहुंचा परिवार
मानसा में नशे की ओवरडोज से हुई मौत के बाद शव ले जा रहे परिजनों पर पुलिस लाठीचार्ज का आरोप लगा है।

पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट फाइल फोटो
HighLights
नशे से मौत के बाद परिजनों पर पुलिस लाठीचार्ज का आरोप।
मृतक की बहन ने हाईकोर्ट में सीबीआई जांच की मांग की।
पीजीआई में दोबारा पोस्टमार्टम और परिवार की सुरक्षा की मांग।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। मानसा जिले के भम्मे कलां गांव में नशे की ओवरडोज से दलजीत सिंह की मौत के बाद शव लेकर प्रदर्शन में जा रहे परिजनों और ग्रामीणों पर पुलिस लाठीचार्ज का आरोप लगा है। याचिका के अनुसार, पुलिस ने शव वाहन से निकालकर अपने कब्जे में ले लिया।
तीन दिन से अधिक समय बीतने पर भी परिवार को शव के बारे में जानकारी नहीं मिली। दलजीत सिंह की बहन अमरजीत कौर ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर मामले की सीबीआई जांच, पीजीआइ चंडीगढ़ में स्वतंत्र चिकित्सकों के बोर्ड से दोबारा पोस्टमार्टम और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है।
शनिवार को तत्काल सुनवाई की मांग पर कोर्ट ने सुनवाई सोमवार के लिए तय की। पंजाब सरकार ने कोर्ट को बताया कि फिलहाल दलजीत सिंह का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
27 अक्टूबर को हुई थी मौत
याचिका के अनुसार, दलजीत सिंह की 27 अक्टूबर को नशे की ओवरडोज से मौत हुई। परिवार, पंचायत और ग्रामीण शव लेकर मानसा में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तथा पुलिस की जवाबदेही की मांग को लेकर चल रहे धरने में शामिल होने जा रहे थे।
आरोप है कि रामदित्ते वाला चौक पर पुलिस ने रास्ता रोका और बिना उकसावे लाठियां चलाईं। एसएसपी वैभव चौधरी समेत 100 से अधिक पुलिसकर्मी मौके पर थे। परिवार के सदस्यों और घटना की वीडियो बना रहे मीडियाकर्मियों से मारपीट का भी आरोप है।
याचिका में कहा गया है कि पुलिस ने शव अपने वाहन में रखा। पिता जरनैल सिंह पर मामला खत्म करने और अंतिम संस्कार का दबाव बनाया गया।
पत्नी परमजीत कौर और नाबालिग बेटे अरमान सिंह को पुलिस स्टेशन सिटी-1 ले जाकर आधी रात को छोड़ा गया। याचिका में पुलिस अधिकारियों पर आपराधिक व विभागीय कार्रवाई, शव परिवार को सौंपने और अनुच्छेद 21 के तहत मृतक की गरिमा व धार्मिक रीति से अंतिम संस्कार के अधिकार की रक्षा की मांग भी की गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।