चंडीगढ़ प्रशासन में बड़ा फेरबदल, 11 अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां; गौरव कुमार बने नगर निगम के ज्वाइंट कमिश्नर
चंडीगढ़ प्रशासन ने 11 अधिकारियों के बीच विभिन्न विभागों और महत्वपूर्ण पदों का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है।
-1792771096730_m.webp)
प्रशासन में बड़ा फेरबदल, 11 अधिकारियों के बदले प्रभार। एआई जेनरेटेड तस्वीर।
HighLights
चंडीगढ़ प्रशासन में 11 अधिकारियों का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ
गौरव कुमार को नगर निगम और ग्रामीण विकास का प्रभार मिला
प्रदीप अहलावत चंडीगढ़ के नए परिवहन निदेशक नियुक्त किए गए
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ प्रशासन में शुक्रवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेश के तहत 11 अधिकारियों के बीच विभिन्न विभागों और महत्वपूर्ण पदों का नए सिरे से आवंटन किया गया है।
यह बदलाव एचसीएस अधिकारियों गौरव कुमार और प्रदीप अहलावत तथा अधिकारी जगतप कल्याणी राजेंद्र के प्रशासन में शामिल होने के बाद किया गया है। आदेश यूटी प्रशासक की मंजूरी से मुख्य सचिव हिरदका राजेश प्रसाद की ओर से जारी किया गया।
फेरबदल में नगर निगम, परिवहन, पर्यटन, आबकारी एवं कराधान, ग्रामीण विकास, सूचना प्रौद्योगिकी और समाज कल्याण सहित कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
गौरव कुमार को नगर निगम और ग्रामीण विकास का प्रभार
एचसीएस अधिकारी गौरव कुमार को संयुक्त आयुक्त, नगर निगम चंडीगढ़ के साथ निदेशक ग्रामीण विकास एवं पंचायत, सचिव नगर निगम और अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह हिमांशु गुप्ता (पीसीएस) से कुछ प्रभार संभालेंगे, जबकि अन्य जिम्मेदारियां डॉ. इंदर जीत (एचसीएस) की प्रतिनियुक्ति से वापसी के बाद आवंटित की गई हैं।
एचसीएस अधिकारी प्रद्युमन सिंह को नियंत्रक-सह-संयुक्त सचिव, प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी, अतिरिक्त आबकारी एवं कराधान आयुक्त-सह-कलेक्टर (आबकारी) और सचिव, रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (रेरा) का प्रभार दिया गया है। उन्होंने पालिका अरोड़ा (पीसीएस) से ये जिम्मेदारियां संभाली हैं।
प्रदीप अहलावत होंगे परिवहन निदेशक
एचसीएस अधिकारी प्रदीप अहलावत को निदेशक परिवहन-सह-डिवीजनल मैनेजर, चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू), सचिव राज्य परिवहन प्राधिकरण और संयुक्त सचिव समन्वय एवं प्रोटोकॉल नियुक्त किया गया है। इन पदों से संबंधित प्रभार वह अविकेश गुप्ता, नितेश सिंगला (दोनों पीसीएस) और राजीव तिवारी (डीसी एफएंडए) से संभालेंगे।
अविकेश गुप्ता को संयुक्त आयुक्त, नगर निगम और निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी की जिम्मेदारी दी गई है। हिमांशु गुप्ता को संयुक्त सचिव शहरी नियोजन एवं मेट्रो, संयुक्त सचिव एस्टेट, संयुक्त सचिव आवास और उपमंडल मजिस्ट्रेट (दक्षिण) का प्रभार सौंपा गया है।
ईशा कंबोज को समाज कल्याण की जिम्मेदारी
एचसीएस अधिकारी ईशा कंबोज को निदेशक समाज कल्याण, प्रबंध निदेशक चंडीगढ़ एससी, बीसी एवं अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम, प्रबंध निदेशक बाल एवं महिला विकास निगम और सचिव (पदेन) बाल अधिकार संरक्षण आयोग नियुक्त किया गया है। इसके अलावा उन्हें संयुक्त सचिव स्थानीय सरकार, संयुक्त सचिव संग्रहालय एवं कला दीर्घा और संयुक्त सचिव स्वास्थ्य का प्रभार भी दिया गया है। उन्होंने नवीन (डैनिक्स) से कुछ जिम्मेदारियां संभाली हैं।
यह भी पढ़ें- हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, CM नायब सैनी और अनिल विज के साथ बैठक के बाद लिया फैसला
नवीन को निदेशक संग्रहालय एवं कला दीर्घा, निदेशक पर्यटन, निदेशक सांस्कृतिक मामले और मुख्य महाप्रबंधक, चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एंड टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (सीटको) का प्रभार सौंपा गया है।
कृषि और उद्योग विभागों में भी बदलाव
डैनिक्स अधिकारी खुशप्रीत कौर को महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, निदेशक उद्योग, संयुक्त सचिव उद्योग, परिवहन तथा आबकारी एवं कराधान, सहायक एस्टेट अधिकारी-द्वितीय, भूमि अधिग्रहण अधिकारी और प्रशासक मार्केट कमेटी की जिम्मेदारी दी गई है।
जगतप कल्याणी राजेंद्र को निदेशक कृषि, कृषि जनगणना आयुक्त तथा निदेशक पशुपालन एवं मत्स्य पालन नियुक्त किया गया है। वहीं, डॉ. अतुल निवृत्तिराव ढाकने को उपमंडल मजिस्ट्रेट (मध्य), निदेशक आयुष और संयुक्त निदेशक (प्रशासन), जीएमसीएच का प्रभार दिया गया है। उन्होंने खुशप्रीत कौर से संबंधित जिम्मेदारियां संभाली हैं।
इसके अतिरिक्त एचसीएस अधिकारी राधिका सिंह को सहायक एस्टेट अधिकारी-तृतीय, पंजीकरण एवं लाइसेंसिंग प्राधिकारी, संयुक्त सचिव गृह (जेल सहित), संयुक्त सचिव पर्यावरण एवं वन तथा संयुक्त सचिव तकनीकी शिक्षा का प्रभार सौंपा गया है।
आदेश की प्रतियां सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, बोर्डों एवं निगमों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई हैं। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग तथा प्रशासन की अन्य संबंधित शाखाओं को भी आदेश की जानकारी दी गई है।
