'दो लड़के दुकान में घुसे और चला दीं गोलियां...', चंडीगढ़ में हुए जानकीदास हत्याकांड में चश्मदीद ने दी गवाही
चंडीगढ़ के जानकी दास हत्याकांड में चश्मदीद हिमांशु ने अदालत में गवाही दी। बताया कि कैसे दो नकाबपोशों ने गोली चलाई जिसमें जानकी दास की मौत हो गई। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या विदेश में बैठे गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के कहने पर की गई थी।

13 जून को गोलियां मारकर की थी जानकीदास की हत्या।
HighLights
जानकी दास हत्याकांड में चश्मदीद हिमांशु की गवाही हुई।
चश्मदीद ने बताया दो नकाबपोशों ने चलाई ताबड़तोड़ गोलियां।
हत्या के पीछे गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों का विदेशी कनेक्शन।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-11 के श्री कुमार केमिस्ट के कैशियर जानकी दास की हत्या के मामले में शनिवार को जिला अदालत में शिकायतकर्ता व चश्मदीद गवाह हिमांशु की गवाही हुई।
उसने अदालत को बताया कि वारदात के समय वह जानकी दास के साथ दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान दो लड़के मास्क लगाकर दुकान में आए। पहले तो वह ईधर-उधर देखते रहे और फिर अचानक उन्होंने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
हमले में वह तो बच गया, जबकि जानकी दास गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पीजीआई ले जाया गया और वहां उनकी मौत हो गई। ऐसे में शिकायतकर्ता के बयानों पर कायम रहने से पुलिस का केस काफी मजबूत हो गया है।
शिकायतकर्ता के वकील अंकित गुप्ता और गुरचरण सिंह कौशल ने बताया कि उन्होंने वारदात से जुड़े सभी घटनाक्रम अदालत को बताया। उन्होंने यह भी बताया कि वारदात के कुछ दिनों बाद पुलिस एक शूटर अमित कुमार ऊर्फ शराबी को गिरफ्तार उनकी दुकान पर लाई थी।
उस दौरान पुलिस ने वहां वारदात का सीन भी रीक्रिएट किया था। अब इस मामले में अगली सुनवाई पांच दिसंबर को होगी, जिसमें बचाव पक्ष के वकील शिकायतकर्ता का क्रास एग्जामिनेशन करेंगे।
पुलिस के मुताबिक कोई और था निशाने पर
पुलिस की जांच में सामने आया था कि शूटरों का निशाना जानकी दास नहीं, बल्कि सेक्टर-11 में कुमार ब्रदर्स नाम से दवाओं की दुकान चलाने वाले दो भाई थे। शूटर सन्नी और अमित को टारगेट का नाम या स्पष्ट हुलिया नहीं बताया गया था।
उन्हें केवल यह जानकारी दी गई थी कि दुकान के कैश काउंटर पर मोटा आदमी बैठता है और उसके साथ एक लंबा लड़का होता है, जो सोने की चेन और हाथ में कड़ा पहनता है। शूटरों ने पहले दुकान की रेकी भी की, लेकिन बताए गए हुलिए का व्यक्ति नहीं मिला।
13 जून को वारदात वाले दिन सेक्टर-11 में कुमार नाम की कई दुकानें होने के कारण उन्होंने एक दुकान के काउंटर पर बैठे व्यक्ति को टारगेट समझ लिया और उस पर गोलियां चला दीं।
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ में कुमार मेडिकल स्टोर में घुसकर फायरिंग; ऑटोमेटिक पिस्टल से चलाईं 13 गोलियां, कैशियर की मौत
हत्या के पीछे विदेशी कनेक्शन
पुलिस के मुताबिक विदेश में बैठे गैंग्सटर गोल्डी ढिल्लों ने अपने गुर्गे भेजकर यह हत्या करवाई थी। शूटरों को जम्मू की आमफला जेल में बंद रोहित उर्फ मक्खन के जरिए यह टारगेट मिला था।
गोल्डी ढिल्लों के निर्देश पर वे जालंधर, अमृतसर और तरनतारन पहुंचे, जहां उन्हें हथियार और 50 हजार रुपये दिए गए। इसके बाद टैक्सी से चंडीगढ़ पहुंचे और 13 जून को दोपहर करीब 2:10 वारदात को अंजाम दिया। गोली चलाने के बाद दोनों अपने साथी आर्यन की बाइक पर फरार हो गए। हालांकि वारदात के बाद सभी आरोपित पकड़े गए थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।